मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में एक स्कूल लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान अचानक माहौल गरमा गया। देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल राजनीतिक अखाड़ा बन गया और भारतीय जनता पार्टी तथा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस के बाद जमकर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस हंगामे के दौरान अफरा-तफरी की स्थिति में जिला पंचायत अध्यक्ष को थप्पड़ मारे जाने का भी गंभीर मामला सामने आया है।

क्या है पूरा मामला


राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में शुक्रवार को प्रभारी मंत्री चैतन्य कश्यप की मौजूदगी में सांदीपनी स्कूल के लोकार्पण का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया और उपाध्यक्ष पर्वत सिंह यादव भी कार्यक्रम में पहुंचे और मंच के सामने नीचे बैठ गए। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे हैं नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा ने उन्हें मंच पर आमंत्रित किया। इसके बाद वह मंच पर जाकर बैठ गए। इसी बीच जब वह प्रभारी मंत्री चैतन्य कश्यप और भाजपा जिला अध्यक्ष से चर्चा कर रहे थे तब नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा के पुत्र से उनकी बहस हो गई। इसके बाद हंगामा बढ़ता देख पुलिस उन्हें नीचे ले जाने लगी। इस दौरान कहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें धक्का भी दिया। इसी बीच एक बुजुर्ग ने उनके गाल पर थप्पड़ जड़ दिया। मामला बिगड़ता देख पुलिस राजगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को थाने लेकर गई। घटना के दौरान राजगढ़ कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी भी मंच पर मौजूद थे।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो 

राजगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष को बुजुर्ग के द्वारा थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इसके बाद कई लोगों ने इसकी आलोचना भी की। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष ने तानाशाही का आरोप भी लगाया। 

पुलिस से भी हुई झड़प

राजगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष को कार्यक्रम में शामिल होने नहीं देने जाने पर जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्र सिंह सोंधिया और पुलिस के बीच बहस हो गई। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बीच झड़प भी हुई।

कांग्रेस करेगी घेराव 

राजगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ हुई अभद्रता की घटना के बाद राजगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी के द्वारा नरसिंहगढ़ में शनिवार को दोपहर 12:00 बजे करीब धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

(रिपोर्ट -Govind Soni)





Source link

Write A Comment