सोशल मीडिया पर सोया चाप फैक्ट्री का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा कि ये वीडियो नोएडा का है। इस वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक सोया चाप बनाने के दौरान मैदे में लेटकर नहाता और गोता लगाता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर चिंता बढ़ गई है।
प्रारंभिक जांच में गौतम बुद्ध नगर का नहीं वीडियो
सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो नोएडा का है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस मामले पर खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रारंभिक जांच में यह वीडियो गौतम बुद्ध नगर का नहीं पाया गया है।
वायरल वीडियो में दिख रहे 4-5 लड़के
वायरल हो रहे वीडियो में एक लड़का किसी सोया चाप फैक्ट्री के अंदर नहा रहा है। ये लड़का जमीन पर पड़े सोया चाप के ढेर पर ही लेट-लेटकर नहा रहा और उसपर गोते भी लगा रहा है। वायरल वीडियो में 4-5 लड़के दिखाई दे रहे हैं, जो कि एक लड़का उस पर पानी डाल रहा है तो एक उसे सोया चाप पर ही पकड़कर घसीट रहा है।
सोया चाप फैक्ट्रियों के लिए जा रहे सैंपल
अधिकारियों का कहना है कि फिर भी एहतियात के तौर पर जिले में चाप बनाने वाली फैक्ट्रियों और प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि विभाग ने विशेष टीम गठित की है, जो विभिन्न चाप फैक्ट्रियों में जाकर स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि अब तक की जांच में वायरल वीडियो का संबंध गौतम बुद्ध नगर से नहीं मिला है, लेकिन जांच और निरीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
खाद्य विभाग ने लोगों से ये भी की अपील
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि के वायरल वीडियो पर भरोसा न करें। किसी भी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर शिकायत होने पर संबंधित विभाग को सूचना दें।
वायरल वीडियो को लेकर लोगों में गुस्सा
वहीं, इस वीडियो के वायरल होने के बाद से सोया चाप खाने को लेकर भी सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा नजर आ रहा है। बड़ी संख्या में लोगों का कहना है कि अगर इस तरह सोया चाप बनाया जा रहा है तो वह उसे कभी नहीं खाएंगे। संबंधित लड़के पर और फैक्ट्री मालिक पर कार्रवाई की जाए।
राहुल ठाकुर की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: