उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां 3 साल के मासूम को ही एक मां ने गला घोंटकर हत्या कर दी। बलदेव थाना क्षेत्र के गांव छौली में लगभग एक महीने पहले तीन वर्षीय मासूम की हुई मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मां और उसके बॉयफ्रेंड के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मासूम के शव का कराया गया अंतिम संस्कार

शिकायतकर्ता कृष्ण मुरारी के अनुसार, 28 जून की शाम उनकी पत्नी रुचि ने फोन कर बताया कि उनका करीब तीन वर्षीय बेटा माधव कई बार जगाने के बावजूद नहीं उठ रहा है। इसके बाद बच्चे को उपचार के लिए मथुरा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने इसके बाद बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया।

बॉयफ्रेंड से फोन पर बात कर रही थी पत्नी

पिता का आरोप है कि कुछ समय बाद उन्होंने अपनी पत्नी को एक युवक से फोन पर बातचीत करते हुए सुना, जिसमें कथित रूप से बच्चे की मौत का जिक्र किया जा रहा था। इसके बाद पूछताछ करने पर पत्नी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि उसका एक युवक से प्रेम संबंध था और फोन पर बातचीत के दौरान बच्चे के शोर मचाने से नाराज होकर उसने उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कथित बॉयफ्रेंड को भी घटना की जानकारी थी।

पत्नी और कथित बॉयफ्रेंड पर दर्ज किया गया केस

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मां और उसके कथित बॉयफ्रेंड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, अन्य तकनीकी सबूतों और संबंधित लोगों के बयान भी जुटा रही है। थाना प्रभारी अभय कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

फोन पर बातचीत के दौरान शोर मचा रहा था बच्चा

क्षेत्राधिकारी महावन संजीव कुमार राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मंगलवार को बच्चे की मां रुचि गुप्ता ने कथित रूप से बताया कि जब बच्चा खेलते हुए शोर-शराबा कर रहा था, तब उसे रोकने और डांटने के दौरान उसका गला दब गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद उन्होंने अपने पति को केवल इतना बताया कि बच्चा उठ नहीं रहा है। परिजन उसे उपचार के लिए पहले सिम्स अस्पताल और फिर अन्य अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार ने बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया।

मथुरा से मोहन श्याम की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

गोरखपुर में ज्वैलरी कारोबारी के 10 साल के पोते का शव मिलने से मचा हड़कंप, घर से खेलने के लिए बाहर निकला था





Source link

Write A Comment