पंजाब में विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट शुरू हो चुकी है। तमाम राजनीतिक दल अभी से ही अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं और मैदान पर उतर रहे हैं। इस बीच अब शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) ने मंगलवार को पंजाब में विधानसभा चुनावों के लिए 20 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। जानकारी के अनुसार, इन नामों को पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक में मंजूरी दी गई है।
इन नेताओं को मिला टिकट
शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के संसदीय बोर्ड के सचिव गुरजंत सिंह कट्टू ने जानकारी दी है कि पार्टी ने श्री फतेहगढ़ साहिब विधानसभा क्षेत्र से अपने कार्यकारी अध्यक्ष ईमान सिंह मान को मैदान में उतारा है। उन्होंने बताया कि अन्य उम्मीदवारों में महिंदरपाल सिंह (पटियाला ग्रामीण), कुलदीप सिंह भगोवाल (रूपनगर), कुशलपाल सिंह मान (खरड़), गुरनाम सिंह सिंगड़ीवाल (गढ़शंकर), गुरनैब सिंह रामपुरा (संगरूर), बलदेव सिंह गागरा (निहाल सिंह वाला), हरजिंदर सिंह जाखू (भदौड़) और परमिंदर सिंह बलियांवाली (मौर) सहित अन्य शामिल हैं।
जल्द होगा अन्य उम्मीदवारों के नाम का ऐलान
शिअद (अमृतसर) के संसदीय बोर्ड के सचिव गुरजंत सिंह कट्टू ने कहा है कि पार्टी जल्द ही राज्य की बाकी बचे हुए विधानसभा सीटों पर भी अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करेगी। आपको बता दें कि पंजाब में अगले साल 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव का आयोजन होना संभावित हैं। राज्य में कुल 117 विधानसभा सीटें हैं।
भाजपा ने भी शुरू की तैयारी
आपको बता दें कि दूसरी ओर भाजपा ने भी पंजाब चुनाव के सिए कमर कस ली है। हाल ही में केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा ने कहा कि बिट्टू अब अपना पूरा ध्यान चुनावी राज्य पंजाब पर लगाएंगे। पंजाब विधानसभा चुनाव में बिट्टू लुधियाना सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। जानकारी के अनुसार, बिट्टू ने पंजाब विधानसभा में काम करने की इच्छा जताई थी। बिट्टू ने बताया- “मैंने जालंधर रैली के दौरान और सोमवार को भी प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि मेरा इस्तीफा स्वीकार कर लिया जाए और उनसे आशीर्वाद मांगा।”
इधर आम आदमी पार्टी और राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भरोसा जताया है कि उनकी पार्टी 2027 के पंजाब में विधानसभा चुनाव में फिर से जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की जन-हितैषी पहलों को जनता से जो जबरदस्त रिस्पांस मिला है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने 2027 में आम आदमी पार्टी (आप) को फिर से चुनने का मन बना लिया है। (इनपुट: भाषा)