बारिश के दिनों में आलू प्याज के पकौड़े खाने में बहुत टेस्टी लगते हैं। वैसे तो आपने आलू प्याज को काटकर कई बार पकौड़े बनाए और खाए होंगे, लेकिन आज हम आपको इसकी एक मजेदार रेसिपी बता रहे हैं। एक बार इस तरह प्याज और आलू के पकौड़े बनाकर खाएंगे तो उंगलियां चाटते रह जाएंगे। ये इतने कुरकुरे और स्वादिष्ट बनते हैं कि बस खाने वालों को रोकना मुश्किल हो जाएगा। शेफ भरत ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वो आलू प्याज के नए तरह के पकौड़े बनाने की रेसिपी बता रहे हैं।
आलू प्याज के पकौड़े की रेसिपी
पहला स्टेप- इसके लिए आप 4-5 आलू को लेकर मोटा-मोटा काट लें जैसे सब्जी बनाने के लिए आलू को काटा जाता है। अब एक पैन में पानी गर्म होने के लिए रखें और इसमें कटे हुए आलू के टुकड़े डालकर करीब 5 मिनट पकाएं। पानी में पहले ही थोड़ा नमक भी डाल दें। अब आलू को पानी से निकाल लें और आप देखेंगे कि आलू हल्का सॉफ्ट हो गया है।
दूसरा स्टेप- 2-3 प्याज को लंबा-लंबा काट लें और ऊपर से थोड़ा नमक डाल दें। 5 मिनट में ही प्याज अपना सारा पानी छोड़ देगी। प्याज को पानी से निचोड़कर निकाल लें और हल्के स्टीम किए गए आलू के ऊपर डाल दें। इसमें 1 बड़ा चम्मच अदरक, लहसुन और हरी मिर्च का पेस्ट डालें।
तीसरा स्टेप- इसमें लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, नमक, थोड़ी हल्दी, थोड़ा गरम मसाला, आमचूर पाउडर और चाट मसाला मिला दें। अब इसमें साबुत धनिया और सौंफ को पीसकर बनाया गया पकौड़ा मसाला डालें। इसमें थोड़ा सा हरा धनिया, बेसन और चावल का आटा डालें। थोड़ा पानी डालकर सारी चीजों को मिला लें। पानी इतना ही डालना है कि बेसन आलू और प्याज पर चिपक जाए। इसमें 2 चम्मच तेल डालें और सारी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें।
आलू प्याज पकौड़ा
चौथा स्टेप- अब एक कटोरी की मदद से या ऐसे ही टिक्की जैसी शेप में इसे हाथ से दबाते हुए करें और गर्म तेल में डालकर सुनहरा होने तक फ्राई कर लें। आलू प्याज के ये पकौड़े इतने मजेदार बनते हैं कि खाने वाले खाते ही जाएंगे। बारिश हो या घर में मेहमान आ रहे हैं उनके लिए ये पकौड़े बेस्ट स्नैक्स हैं।