Last Updated:
Hyderabadi Flaxseed Powder Recipe: अगर आप रोज के खाने में नया स्वाद जोड़ना चाहते हैं तो अलसी की बुकनी बेहतरीन विकल्प है. यह हैदराबाद की लोकप्रिय पारंपरिक चटनी है, जिसे अलसी के बीज, लाल मिर्च और भुने हुए लहसुन से तैयार किया जाता है. इसे बनाना आसान है और लंबे समय तक स्टोर भी किया जा सकता है. यह चटनी पाउडर सादे चावल, देसी घी, दाल, रोटी और सामान्य सब्जियों के साथ भी खाने का स्वाद बढ़ा देता है. अलसी होने के कारण इसमें पोषक तत्व भी भरपूर पाए जाते हैं.
हैदराबाद. दक्षिण भारत में खासकर हैदराबादी खान-पान में चटनी और मसालों का हमेशा से एक विशेष स्थान रहा है. यहां के लोग चटनी खाना बेहद पसंद करते हैं. यहां नॉनवेज को छोड़कर हर तरह के व्यजंन के साथचटनी पसोसने की परंपरा है. चटनी न केवल सादे भोजन का स्वाद बढ़ाते हैं बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी माने जाते हैं. इसी कड़ी में एक पारंपरिक और स्वादिष्ट व्यंजन है अलसी की बुकनी. यह एक ऐसा सूखा मसाला या चटनी पाउडर है जो साधारण भोजन के स्वाद को भी कई गुना बढ़ा देता है.
अक्सर घरों में जब लोगों की नापसंद की सब्जियां जैसे टिंडे या करेले बनते हैं तब यह अलसी की बुकनी एक बेहतरीन विकल्प साबित होती है. इसे गरमा-गरम चावल और देसी घी के साथ मिलाकर खाने से भोजन का आनंद अद्भुत हो जाता है. अलसी की बुकनी या चटनी पाउडर बनाने के लिए अलसी के बीज 250 ग्राम, सूखी लाल मिर्च 100 ग्राम, , लहसुन 100 ग्राम बारीक कटा हुआ, हल्दी पाउडर आधा छोटा चम्मच, थोड़ा सा तेल और स्वादानुसार नमक की जरूरत पड़ती है.
अलसी की बुकनी बनाने की विधि
सबसे पहले एक पैन में 250 ग्राम अलसी के बीजों को धीमी आंच पर सूखा भूनना शुरू करें. थोड़ी देर बाद इसमें 100 ग्राम सूखी लाल मिर्च मिला दें और दोनों को अच्छी खुशबू आने तक एक साथ अच्छी तरह भून लें. अब भुने हुए अलसी और मिर्च के मिश्रण को आंच से उतारकर पूरी तरह ठंडा होने दें. इसके बाद इसे ब्लेंडर में डालें, स्वादानुसार नमक मिलाएं और दरदरा पीसकर एक तरफ रख लें. अब पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें. इसमें 100 ग्राम बारीक कटा हुआ लहसुन और आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर डालकर धीमी आंच पर सुनहरा होने तक अच्छी तरह भून लें.
सादे खाने को भी स्वाद से भर देता है अलसी की बुकनी
लहसुन के भुनते ही पैन में पहले से पिसा हुआ अलसी और मिर्च का पाउडर डाल दें. चम्मच चलाते हुए पूरे मिश्रण को धीमी आंच पर कुछ देर तक एक साथ अच्छी तरह मिलाते हुए पकाएं ताकि सारे स्वाद आपस में रच-बस जाएं. तैयार अलसी की बुकनी को आंच से उतारें और सामान्य तापमान पर पूरी तरह ठंडा होने दें. इसके बाद इसे एक साफ और एयर-टाइट कंटेनर में भरकर रख लें. यह मसाला कई महीनों तक खराब नहीं होता है. इसे खाने का तरीका आसान है यह किसी भी सादे खाने को लाजवाब बना देगा. आमतौर लोग इसको सादे चावल में देसी घी के साथ मिलाकर खाते हैं.
About the Author
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से News18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…
और पढ़ें