Highlights
- गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने 96 लंबित चालानों वाले स्कूटर को जब्त किया।
- स्कूटर पर कुल 10 लाख रुपये का ट्रैफिक जुर्माना बकाया मिला।
- हेलमेट, बीमा और पीयूसी नियम तोड़ने पर ज्यादातर चालान काटे गए।
नई दिल्ली: दिल्ली-NCR के गुरुग्राम में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां ट्रैफिक पुलिस ने एक ऐसे स्कूटर को जब्त किया है, जिस पर 96 चालान लंबित थे। इन सभी चालानों का कुल जुर्माना करीब 10 लाख रुपये हो चुका था। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को राजीव चौक पर गाड़ियों की रूटीन चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान ASI विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक स्कूटर को जांच के लिए रोका और चालक से वाहन के जरूरी दस्तावेज दिखाने को कहा। हालांकि, स्कूटर चालक कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
बिना हेलमेट गाड़ी चलाने के थे अधिकांश चालान
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने वाहन का रिकॉर्ड जांचा तो पता चला कि स्कूटर के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत 96 चालान लंबित हैं। अधिकारी के मुताबिक, जांच में यह भी सामने आया कि एक चालान ई-चालान मशीन के जरिए जारी किया गया था, जबकि बाकी सभी चालान कैमरा आधारित ट्रैफिक निगरानी सिस्टम से काटे गए थे। इन सभी चालानों की कुल बकाया राशि लगभग 10 लाख रुपये थी। पुलिस ने बताया कि अधिकांश चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने, वैध बीमा या इंश्योरेंस नहीं होने, वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) नहीं होने और अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के कारण जारी किए गए थे।
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने स्कूटर को किया जब्त
अधिकारी ने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में चालान लंबित होने को देखते हुए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने स्कूटर को जब्त कर निर्धारित इंपाउंड यार्ड में खड़ा कर दिया। बता दें कि जून में भी गुरुग्राम पुलिस ने एक ऐसी बाइक पकड़ी थी जिस पर 107 चालान पेंडिंग थे। उस बाइक पर चालानों की कुल जुर्माना राशि करीब 2 लाख 36 हजार रुपये पहुंच चुकी थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब पुलिस ने बाइक सवार से गाड़ी के कागजात मांगे तो वह कोई कागजात भी पेश नहीं कर पाया। इसके बाद गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बाइक को इंपाउंड कर दिया था।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से की अपील
इस बीच ट्रैफिक पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करें, वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज हमेशा अपडेट रखें और अपने लंबित चालानों का समय पर भुगतान करें, ताकि ऐसी कार्रवाई से बचा जा सके। ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि वह आगे भी इस तरह की कार्रवाई करती रहेगी।
ये भी पढ़ें: बुलेट को अवैध तरीके से मोडिफाई कराने और नंबर प्लेट नहीं होने पर कटा 51 हजार 500 का चालान, पुलिस ने उठक-बैठक भी कराई