आलू के फ्रेंच फ्राइज का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। शाम की चाय हो या दोस्तों के साथ गपशप, यह हर उम्र के लोगों का पसंदीदा स्नैक है। लेकिन, हम सब जानते हैं कि आलू के फ्राइज सेहत के लिए काफी नुकसानदायक होते हैं। इनमें कैलोरी और कार्बोहाइड्रेट्स की मात्रा अधिक होती है, जिससे वजन बढ़ने और दिल की बीमारियों का खतरा रहता है। अगर आप स्वाद से बिना कोई समझौता किए एक सेहतमंद विकल्प ढूंढ रहे हैं, तो गाजर के क्रिस्पी फ्राइज आपके लिए एक बेहतरीन स्नैक बन सकते हैं। आइए जानते हैं गाजर के इन क्रिस्पी फ्राइज को घर पर आसानी से बनाने का रेसिपी।
सामग्री
- गाजर: 3-4 बड़ी (लंबे और पतले फ्राइज के आकार में कटी हुई)
- कॉर्नफ्लोर या कॉर्नस्टार्च: 2 बड़े चम्मच
- चावल का आटा: 1 बड़ा चम्मच
- मसाले: आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच चाट मसाला, आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
- लहसुन पाउडर: आधा छोटा चम्मच
- तेल: तलने या बेक करने के लिए
- नमक: स्वादानुसार
बनाने का तरीका
स्टेप 1: गाजर को छीलकर लंबे और पतले फ्राइज की शेप में काट लें। इन्हें कपड़े से अच्छी तरह सुखा लें ताकि कोई नमी न रहे।
स्टेप 2: एक बड़े बाउल में गाजर के टुकड़ों को डालें। इसमें कॉर्नफ्लोर, चावल का आटा, लहसुन पाउडर, काली मिर्च और थोड़ा सा तेल डालकर अच्छे से मिक्स करें ताकि गाजर पर हल्की कोटिंग चढ़ जाए।
स्टेप 3: अब एक कढ़ाई में तेल गरम करें और मध्यम-तेज आंच पर गाजर को सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें। अगर आप एयर फ्राइर का इस्तेमाल कर रहे हैं तो 200°C पर 12-15 मिनट के लिए क्रिस्पी होने तक बेक करें।
स्टेप 4: फ्राइज को बाहर निकालें, तुरंत ऊपर से चाट मसाला, लाल मिर्च और नमक छिड़कें। फिर इसे सॉस के साथ सर्व करें।
क्यों खास हैं गाजर के फ्राइज?
पोषक तत्वों का खजाना: गाजर में विटामिन A, C, फाइबर और एंटी-ऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में होते हैं। यह आंखों की रोशनी सुधारने और पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में मददगार है।
कम कैलोरी: आलू की तुलना में गाजर में कैलोरी और कार्ब्स बहुत कम होते हैं। इसलिए, अगर आप वजन नियंत्रित कर रहे हैं, तो इसे बिना किसी गिल्ट के खा सकते हैं।