Last Updated:
Mithila Kathal Nerha vegetable Recipe: वैसे तो आप कटहल की सब्जी, उसके बीज की सब्जी जरूर खाई होगी. लेकिन मिथिलांचल की नेरहा की सब्जी यानी पके कटहल के अंदरूनी हिस्से से जो सब्जी बनती है उसको खाया है. यह आसान, स्वादिष्ट, मटन जैसा स्वाद देती है. मसाले, आलू व प्याज संग फ्राई यह सेहतमंद व्यंजन रोटी/चावल के साथ परोसा जाता है.
मधुबनी: आप मिथिलांचल के पारंपरिक और चटपटे स्वाद के शौकीन हैं? तो बारिश के इस मौसम में ‘नेरहा की मसालेदार सब्जी’ का स्वाद एक बार जरूर चखें. बाहर के लोग अक्सर जिस हिस्से को बेकार समझकर फेंक देते हैं, मिथिला के लोग उससे मटन के स्वाद जैसी स्वादिष्ट और सेहतमंद सब्जी तैयार कर लेते हैं. खान-पान के मामले में मिथिलांचल का देसी अंदाज हमेशा से खास रहा है. इन दिनों पके हुए कटहल का सीजन है. इसी पके कटहल के अंदरूनी हिस्से (कोया निकालने के बाद का बीच का डंठल/हिस्सा) को स्थानीय भाषा में ‘नेरहा’ कहा जाता है.
पके कटहल से कैसे बनती है ‘नेरहा’ की सब्जी?
स्थानीय गृहिणी पूनम बताती हैं कि नेरहा की सब्जी बनाना बेहद आसान है, बस कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है. सबसे पहले सफाई और कटाई का ध्यान दें. पके कटहल से नेरहा निकालने के बाद इसे पानी से बहुत अच्छी तरह धोया जाता है ताकि इसका मीठापन निकल जाए. इसके बाद इसके छोटे-छोटे टुकड़े कर लिए जाते हैं. कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करके जीरा, तेजपत्ता और सूखी लाल मिर्च का तड़का लगाया जाता है. इसके बाद नेरहा के टुकड़ों को अच्छे से फ्राई किया जाता है. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें आलू और प्याज मिलाया जाता है. फिर सिलबट्टे पर पिसे खड़े मसाले या धनिया, मिर्च, हल्दी और गरम मसाला डालकर अच्छे से भुना जाता है. आवश्यकतानुसार हल्की ग्रेवी डालकर इसे पकाया जाता है.
मटन जैसा स्वाद और खाने का सही तरीका
पूरी तरह से पकने के बाद यह सब्जी दिखने और खाने में बिल्कुल मटन जैसा तीखा और चटपटा स्वाद देती है. इसे गर्मागर्म रोटी या चावल के साथ परोसा जाता है. मिथिलांचल में लोग इसे भुने हुए चूड़े (पोहा) के साथ खाना बेहद पसंद करते हैं. लेकिन इसको बनाने के लिए जरूरी टिप्स है. नेरहा हमेशा बिल्कुल ताजा होना चाहिए. 2-3 दिन पुराना होने पर इसमें मिठास आ जाती है. जिससे इसका असली मसालेदार स्वाद खत्म हो जाता है. मौसम की यह पारंपरिक सब्जी न केवल जीभ का स्वाद बदलती है, बल्कि सेहत के लिहाज से भी काफी फायदेमंद मानी जाती है.
About the Author
अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …
और पढ़ें