Last Updated:
Basundi Recipe: गुजरात की फेमस मलाईदार खीर जिसे बासुंदी कहते हैं, सावन के महीने में ट्राई करने के लिए बेस्ट मिठाई है. हालांकि ये डिश दिखने में खीर की तरह ही लगती है, लेकिन मलाईदार टेस्ट और टेक्सचर बिल्कुल अलग होता है. यहां देखें घर पर बासुंदी बनाने की पूरी विधि.
सावन का महीना धार्मिक आस्था, पूजा-पाठ और त्योहारों का समय माना जाता है. इस दौरान भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा का विशेष महत्व होता है. हरियाली तीज भी सावन में मनाया जाता है. ऐसे खास अवसर पर यदि आप घर में कोई स्वादिष्ट और पारंपरिक मिठाई बनाना चाहती हैं, तो गुजरात की प्रसिद्ध बासुंदी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है.
हालांकि ज्यादातर घरों में खीर सभी फेस्टिवल और पूजा-पाठ के लिए गो टू रेसिपी होती है. लेकिन यदि आप रेगुलर डिश से बोर हो चुके हैं, तो गुजरात की फेमस बासुंदी ट्राई कर सकते हैं. ये डिश देखने में खीर जैसी लगती है, लेकिन इसका स्वाद और बनावट काफी अलग होती है. गाढ़े दूध, केसर, इलायची, जायफल और ड्राई फ्रूट्स से तैयार यह मिठाई बेहद स्वादिष्ट होती है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत अधिक सामग्री या मेहनत की जरूरत नहीं पड़ती. आइए जानते हैं बासुंदी बनाने की आसान रेसिपी.
बासुंदी बनाने के लिए सामग्री
1 लीटर दूध
1 बड़ा चम्मच बारीक कटे बादाम
1 बड़ा चम्मच बारीक कटे काजू
1 बड़ा चम्मच बारीक कटे पिस्ता
4 बड़े चम्मच चीनी
1 चुटकी केसर
आधा चम्मच पिसा हुआ जायफल
आधा चम्मच इलायची पाउडर
2 बड़े चम्मच चिरौंजी
आधा चम्मच गुलाब की पंखुड़ियां
बासुंदी बनाने की विधि
- सबसे पहले एक गहरे तले वाले पैन में दूध और केसर डालें. अब दूध को धीमी आंच पर पकाना शुरू करें. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि दूध तले में न लगे. दूध को तब तक पकाएं जब तक उसकी मात्रा लगभग आधी न रह जाए. इसी प्रक्रिया से बासुंदी को उसका गाढ़ा और मलाईदार टेक्सचर मिलता है.
- जब दूध अच्छी तरह गाढ़ा होने लगे और ऊपर मलाई की परत दिखाई देने लगे, तब इसमें चीनी, जायफल पाउडर, इलायची पाउडर और चिरौंजी डालकर अच्छी तरह मिला दें. इसके बाद मिश्रण को 3 से 4 मिनट तक और पकाएं, ताकि चीनी पूरी तरह घुल जाए और सभी स्वाद दूध में अच्छी तरह मिल जाएं.
- अब गैस बंद कर दें और ऊपर से कटे हुए बादाम, काजू और पिस्ता डालें. चाहें तो गुलाब की पंखुड़ियों से भी इसे सजाया जा सकता है. आपकी स्वादिष्ट और खुशबूदार बासुंदी तैयार है.
ऐसे करें सर्व
इसे गर्मागर्म भी परोसा जा सकता है, लेकिन ठंडी बासुंदी का स्वाद और भी बेहतर लगता है. इसलिए आप इसे कुछ देर फ्रिज में रखकर ठंडा कर लें. त्योहारों, पूजा या किसी खास अवसर पर यह मिठाई मेहमानों और परिवार के सदस्यों को जरूर पसंद आएगी.
About the Author
शारदा सिंह एक अनुभवी लाइफस्टाइल पत्रकार हैं, जिनके पास डिजिटल मीडिया और कंटेंट लेखन के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से…
और पढ़ें