महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मिलावटी दूध के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। अब मुंबई के दहिसर इलाके में नकली दूध का खेल बेनकाब किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच ने मुंबई के दहिसर इलाके में नामी कंपनियों के दूध में गंदा पानी मिलाकर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। क्राइम ब्रांच की यूनिट-12 ने दहिसर में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कैसे करते थे मिलावट?
क्राइम ब्रांच की कार्रवाई में जो जानकारी सामने आई है वह हैरान कर देने वाली है। जानकारी के अनुसार, आरोपी अमूल गोल्ड, अमूल ताजा और गोकुल जैसी नामी कंपनियों के दूध के पैकेट काटकर उसमें से दूध निकालते थे और उसकी जगह गंदा पानी मिलाकर पैकेट को दोबारा सील कर देते थे। इसके बाद इसे असली और प्रमाणित दूध बताकर बेचने की तैयारी की जा रही थी।
मुख्य आरोपी को तेलंगाना से गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए मुख्य आरोपी को तेलंगाना से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पालघर के वसई पूर्व स्थित लक्ष्मी इंडस्ट्रियल एस्टेट के सामने बाबूभाई शहाणी कंपाउंड, वालीव फाटा में छापेमारी की गई। पुलिस को यहां अमूल के नाम से नकली दूध की थैलियां बनाने वाली फैक्ट्री मिली। मौके से नकली पैकेट बनाने वाली मशीनरी और अन्य सामान जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। आपको बता दें कि इससे पहले मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गोरेगांव इलाके में कार्रवाई करते हुए दूध में मिलावट करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
जब्त किए गए सामान की जानकारी
1. अमूल और गोकुल के करीब 470 लीटर दूध, कीमत लगभग ₹29,750
2. अमूल की 13,000 नकली खाली दूध की थैलियां और प्लास्टिक सामग्री।
3. दूध में मिलावट करने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण।
4. नकली दूध की थैलियां बनाने वाली मशीनरी और अन्य सामान, कीमत करीब ₹10 लाख।
5. 4 आरोपियों के 4 मोबाइल फोन, कीमत करीब ₹40,000
6. कुल जब्त माल की कीमत करीब ₹10,79,750 रुपये बताई गई है।
पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश
जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी वर्ष 2021 से मुंबई और मुंबई उपनगरों में दूध में मिलावट के लिए इस्तेमाल होने वाली नकली पैकेटों की सप्लाई कर रहा था। क्राइम ब्रांच ने मामले की तह तक जाकर दूध में मिलावट से लेकर नकली पैकेट तैयार करने और उनकी सप्लाई तक जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र में दूध की कीमत 2 रुपये बढ़ी, 11 अगस्त से लागू होंगे नए रेट, गाय का दूध अब ₹62 प्रति लीटर