How to Make Rajasthani Lahsun Chutney At Home : क्या आप भी रोज़-रोज़ वही दाल-चावल या सब्जी-रोटी खाकर बोर हो गए हैं? कभी-कभी लगता है ना कि खाने में कुछ ऐसा मिल जाए जो मुंह का जायका ही बदल दे? अगर आप भी अपने सिंपल और साधारण से खाने में थोड़ा स्पाइसी और चटपटा तड़का लगाना चाहते हैं, तो राजस्थान की मशहूर ‘लहसुन की चटनी’ आपकी इस तलाश को खत्म कर सकती है.
राजस्थान का खाना अपने तीखे, चटपटे और बेमिसाल स्वाद के लिए जाना जाता है. वहाँ के हर घर में बनने वाली लहसुन की चटनी न सिर्फ खाने की रंगत बढ़ाती है, बल्कि बोरिंग से बोरिंग खाने को भी एकदम स्पेशल बना देती है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में न तो बहुत ज्यादा मेहनत लगती है और न ही बहुत समय.
जानें 10 मिनट में इस स्वादिष्ट और इम्युनिटी-बूस्टिंग चटनी को बनाने का आसान तरीका!(Image : Canva)
आप इसे सिर्फ 10 मिनट में झटपट तैयार कर सकते हैं. तो चलिए, आज जानते हैं तीखी और जायकेदार राजस्थानी लहसुन चटनी बनाने का आसान और सटीक तरीका!
लहसुन चटनी बनाने के लिए जरूरी सामग्री-
लहसुन: 5 कलियां (छीली हुई)
कश्मीरी सूखी लाल मिर्च: 7-8 (रंग और हल्के तीखेपन के लिए)
जीरा: 1 छोटा चम्मच
अजवाइन: 1/4 छोटा चम्मच
सरसों के दाने (राई): 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर: 1 छोटा चम्मच
तेल: 3 बड़ा चम्मच (सरसों का तेल इस्तेमाल करेंगे तो ज्यादा प्रामाणिक स्वाद मिलेगा)
पानी: 1/4 कप
नमक: स्वादानुसार
बनाने की आसान विधि (Step-by-Step Guide)
स्टेप 1: मसालों को पीसकर पेस्ट बनाएं
सबसे पहले एक मिक्सर ग्राइंडर का जार लें. इसमें छिला हुआ लहसुन, कश्मीरी सूखी लाल मिर्च, जीरा, अजवाइन, लाल मिर्च पाउडर, स्वादानुसार नमक और लगभग 1/4 कप पानी डालें. अब इसे अच्छी तरह ग्राइंड करके एक स्मूथ और गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें.
स्टेप 2: तेल में लगाएं तड़का
अब गैस पर एक नॉन-स्टिक पैन या कढ़ाई चढ़ाएं और उसमें 3 टेबलस्पून तेल डालकर गर्म करें. जब तेल अच्छे से गर्म हो जाए, तो उसमें सरसों के दाने (राई) डालें. राई को अच्छे से चटकने दें.
स्टेप 3: चटनी को धीमी आंच पर पकाएं
राई चटकते ही, मिक्सी में तैयार किया गया लहसुन का पेस्ट पैन में डाल दें. जार में थोड़ा सा पानी घुमाकर भी पैन में डाल दें ताकि सारा मसाला इस्तेमाल हो जाए. अब इसे अच्छे से मिलाएं.
स्टेप 4: तेल अलग होने तक भूनें
गैस की आंच धीमी से मध्यम रखें और चटनी को लगातार चलाते हुए पकाएं. इसे तब तक पकाना है जब तक कि लहसुन और मिर्च का कच्चापन पूरी तरह खत्म न हो जाए. 3-4 मिनट बाद आप देखेंगे कि चटनी का रंग गहरा हो गया है और किनारे से तेल अलग होने लगा है. यही सही साइन है कि आपकी चटनी अच्छे से पक चुकी है.
सर्व करें और मजे लें!
आपकी गर्मागर्म, तीखी और स्पाइसी राजस्थानी लहसुन चटनी बनकर पूरी तरह तैयार है! इसे आप परांठे, बाजरे की रोटी, पूरी, या फिर सादे दाल-चावल के साथ सर्व कर सकते हैं. अगर आपके पास कोई सूखी सब्जी नहीं भी है, तो बस एक चम्मच यह चटनी और गर्म रोटी ही आपका पेट और मन दोनों भरने के लिए काफी है.
इसे किसी एयरटाइट जार में रखकर आप कुछ दिनों तक स्टोर भी कर सकते हैं. तो देर किस बात की? आज ही इसे अपनी रसोई में ट्राई करें और अपने बोरिंग खाने को बनाएं सुपर टेस्टी!