जमशेदपुर. आपने आज तक कई तरह की चटनी खाई होंगी पर एक बार, चना दाल, मूंगफली और टमाटर की चटनी भी ट्राई करें. यह स्वाद में खट्टी, हल्की तीखी और बेहद स्वादिष्ट होती है. इसे इडली, डोसा, पराठा, पकौड़े, समोसे या किसी भी स्नैक के साथ परोसा जा सकता है. मूंगफली जिसे झारखंड की तरफ बादाम भी कहते हैं इस चटनी को हल्का क्रीमी और भरपूर स्वाद देता है. इस चटनी की सबसे खास बात इसका तड़का है जो टेस्ट को कई गुना बढ़ा देता है.

सामग्री की जानकारी
इस चटनी को बनाने के लिए 2 बड़े पके हुए टमाटर, एक मुट्ठी मूंगफली यानी बादाम, एक मुट्ठी भीगी हुई चना दाल, 2-3 हरी मिर्च, 3-4 लहसुन की कलियां, एक छोटा टुकड़ा अदरक, 1 छोटा चम्मच जीरा, स्वादानुसार नमक और 1 छोटा चम्मच तेल की जरूरत होती है. सामग्री को आप कम या ज्यादा कर सकते हैं. जितनी चटनी बनानी हो उस हिसाब  से मात्रा कम या अधिक कर लें. इतनी चटनी 4-5 लोगों के लिए काफी होगी.

बनाने की विधि
सबसे पहले मूंगफली को 15-20 मिनट के लिए गुनगुने पानी में भिगो दें. इसके बाद टमाटर को अच्छी तरह धोकर बड़े टुकड़ों में काट लें. एक कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालें. जीरा चटकने के बाद लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड तक भूनें. इसके बाद कटे हुए टमाटर डालें और मध्यम आंच पर तब तक पकाएं, जब तक टमाटर पूरी तरह नरम न हो जाएं और उनका कच्चापन खत्म न हो जाए. इसके बाद चना दाल और मूंगफली डालकर भूनें. जब तक इनका कच्चापन खत्म न हो जाए.

ठंडी होने पर पीस लें
गैस बंद कर दें और भुने हुए मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें. इसमें स्वादानुसार नमक और जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर बारीक पीस लें. अगर चटनी थोड़ी खट्टी पसंद है, तो इसमें आधा चम्मच नींबू का रस भी मिला सकते हैं. आप इसे दरदरा या महीन अपने टेस्ट के हिसाब से रख सकते हैं.

तड़का बनाएगा खास
तैयार चटनी को एक कटोरी में निकाल लें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा सा तड़का भी लगा सकते हैं. इसके लिए एक छोटे पैन में एक चम्मच तेल गर्म करके उसमें राई, करी पत्ता और एक सूखी लाल मिर्च डालें. तड़का चटकने के बाद इसे चटनी के ऊपर डाल दें. इससे चटनी का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाएंगे.

2-3 दिन रखकर खा सकते हैं
इस चटनी की खासियत यह है कि इसमें बादाम का इस्तेमाल होने से इसका स्वाद सामान्य टमाटर की चटनी से थोड़ा अलग और ज्यादा रिच लगता है. इसे तुरंत बनाकर परोस सकते हैं. फ्रिज में एयरटाइट डिब्बे में रखने पर इसे करीब 2 से 3 दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है. सुबह के नाश्ते में गरमा-गरम डोसा या इडली के साथ बादाम-टमाटर की चटनी स्वाद को और भी खास बना देती है.



Source link

Write A Comment