भारतीय टीम को श्रीलंका के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल के स्टेडियम में खेलना है। इस मुकाबले से एक दिन पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने प्लेइंग 11 को लेकर पूछे गए सवाल में यह साफ कर दिया कि गुरनूर या प्रसिद्ध कृष्णा में से किसी एक को ही मौका मिल सकता है, जिसमें दोनों में से किसी एक को खिलाने का फैसला लेना आसान नहीं रहने वाला है। टीम इंडिया इस मुकाबले में तीन स्पिन गेंदबाजों को खिलाएगा यह तय है जिसमें रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव के अलावा तीसरा स्पिनर भी बाएं हाथ के मानव सुथार हो सकते हैं।
प्रसिद्ध ने पिछले कुछ समय से की है अच्छी गेंदबाजी
शुभमन गिल ने गॉल टेस्ट में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि गुरनूर बरार ने पुरानी गेंद से शानदार गेंदबाजी की है क्योंकि वह अच्छी रफ्तार से उछाल हासिल कर सकते हैं। लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने पिछले कुछ समय में अच्छी गेंदबाजी की है, जैसा कि हमने प्रैक्टिस मैच में देखा था और इसलिए यह मुश्किल फैसला है। जसप्रीत बुमराह यहां नहीं हैं, लेकिन यह किसी और के लिए आगे बढ़ने का मौका है। बता दें कि प्रसिद्ध कृष्णा ने अब तक 7 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें वह 25 विकेट अपने नाम करने में कामयाब रहे हैं। गिल ने साई सुदर्शन के इस टेस्ट सीरीज से बाहर होने को लेकर कहा कि दुर्भाग्य से साई सुदर्शन की फिटनेस में उतना सुधार नहीं हुआ जितना हम चाहते थे, क्योंकि टेस्ट में किसी तरह का खतरा नहीं उठा सकते हैं।
600वें टेस्ट में अपने देश की अगुआई करना सम्मान की बात
टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम जब गॉल के मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ मुकाबला खेलने मैदान पर उतरेगी तो यह उनका 600वां टेस्ट मुकाबला होगा। इसको लेकर कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि 600वें टेस्ट में अपने देश की अगुआई करना सम्मान की बात है और स्वतंत्रता दिवस पर ऐसा करना इससे भी बड़ा सम्मान है। बता दें कि टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा मुकाबले खेलने के मामले में इंग्लैंड पहले नंबर पर हैं जिन्होंने 1097 मैच खेले हैं। वहीं दूसरे नंबर पर 883 टेस्ट मैचों के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम है जबकि भारतीय टीम इस लिस्ट में अभी 599 टेस्ट मैचों के साथ तीसरे नंबर पर है।
ये भी पढ़ें
WTC Points Table में अभी कहां हैं भारत और श्रीलंका, पहला मैच टीम इंडिया ने जीता तो बदल जाएंगे समीकरण