गुजरात में आने वाले त्योहारों को देखते हुए लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट और पुलिस ने संयुक्त अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के तहत सूरत के कामरेज और बनासकांठा के डीसा में फैक्ट्रियों पर छापेमारी कर नकली और मिलावटी घी बनाने वाले बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 6,000 लीटर घी जब्त किया, जिसकी कीमत 35 लाख रुपये से ज्यादा है।

छापेमारी के दौरान टीम को नकली घी बनाने में इस्तेमाल होने वाला केमिकल, पाम ऑयल का जत्था और बड़ी मात्रा में दूध का पाउडर भी बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि पाम ऑयल और केमिकल मिलाकर नकली घी तैयार किया जाता था और फिर उसे बाजार में सप्लाई किया जाता था।

सूरत के कामरेज क्षेत्र के हिन्दवा इंडस्ट्रियल एस्टेट में स्थित “केवल फूड प्रोडक्ट” नाम की फूड फैक्ट्री पर टीम ने छापेमारी की। यहां से 5,157 लीटर मिलावटी घी और 1,485 लीटर पाम ऑयल बरामद किया गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि फैक्ट्री संचालक के पास फूड विभाग का लाइसेंस नहीं था।

400 रुपये में व्यापारियों को बेचने का दावा

फैक्ट्री में बाहर से ताला लगाकर अंदर नकली घी तैयार किया जाता था और उसकी पैकिंग भी की जाती थी। फैक्ट्री मालिक ने फूड सेफ्टी टीम को बताया कि फैक्ट्री केवल रात के समय चलाई जाती थी, ताकि किसी को शक न हो। पूछताछ में उसने यह भी बताया कि तैयार किया गया नकली घी शहर की अलग-अलग डेयरियों में सप्लाई किया जाता था।

फैक्ट्री मालिक के मुताबिक बाजार में घी आम तौर पर 600 से 800 रुपये में बिकता है, जबकि वे पाम ऑयल और केमिकल मिलाकर तैयार किया गया नकली घी व्यापारियों को करीब 400 रुपये में बेचते थे।

फैक्ट्री सील, नमूने फॉरेंसिक लैब भेजे गए 

कार्रवाई के बाद फूड सेफ्टी विभाग ने फैक्ट्री को सील कर दिया है। जब्त किए गए बनावटी घी के नमूने जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद फैक्ट्री मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री की व्यापारियों को चेतावनी

गुजरात के हेल्थ मिनिस्टर प्रफुल पानसेरिया ने बताया कि आने वाले त्योहारों में लोगों को खाने-पीने की चीजें शुद्ध मिलें, इसके लिए फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने पुलिस के साथ मिलकर अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के तहत सूरत के कामरेज और बनासकांठा के डीसा में छापेमारी कर 35 लाख रुपये से ज्यादा का मिलावटी घी जब्त किया गया है।

हेल्थ मिनिस्टर ने कहा कि गुजरात में लोगों को घी, पनीर और मावा शुद्ध मिले, इसके लिए होटलों और डेयरियों में जांच की जा रही है। अगर कहीं मिलावटी खाद्य सामग्री मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों को भी चेतावनी दी कि अगर कोई मिलावटी खाद्य सामग्री बेचते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

(रिपोर्ट- शैलेष चांपानेरिया)

ये भी पढ़ें-

बारिश के बीच अचानक धंस गया नेशनल हाईवे का बड़ा हिस्सा, तीन ट्रक खाई में समा गए; VIDEO देखें

दिल्ली के कल्याणपुरी में सफाई कर्मचारी की चाकू गोदकर हत्या, गुस्से में सफाईकर्मी, हड़ताल की दी धमकी





Source link

Write A Comment