गोविंदा और सुनीता आहूजा की लड़ाई सोशल मीडिया पर चर्चा में बनी हुई है। इस बीच ‘हीरो नंबर 1’ के साथ काम कर चुकीं सोमी अली ने एक्टर के सपोर्ट में एक खास पोस्ट शेयर किया है। इस पोस्ट के जरिए एक्ट्रेस सोमी ने कहा कि वह इस मामले में अपनी बात रखना चाहती हैं और जब भी जरूरत होगी गोविंदा का समर्थन करेंगी। उन्होंने बताया कि वह गोविंदा को पर्सनली और प्रोफेशनली तौर पर बहुत अच्छे से जानती हैं। उनके अनुसार गोविंदा हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के बेहतरीन टैलेंट में से एक हैं और वह जितने अच्छे अभिनेता हैं, उतने ही विनम्र इंसान भी हैं।

विवादों के बीच सोमी अली ने गोविंदा का किया सपोर्ट

सोमी अली ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘मैं यहां अपनी बात रखना चाहती हूं, क्योंकि कोई और ऐसा नहीं करेगा फिर भी जरूरत पड़ने पर आपका समर्थन जरूर करूंगी। मैं गोविंदा को निजी और पेशेवर दोनों तरह से जानता हूं इसलिए मैं उनके बारे में दोनों नजरियों से कुछ बातें कह सकती हूं। ‘चीची’ हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे बेहतरीन टैलेंट में से एक हैं और इंडस्ट्री में मेरे समय के दौरान मिले सबसे विनम्र अभिनेताओं में से एक हैं। मैं चीची और सुनीता दोनों का बहुत सम्मान करती हूं। किसी एक्टर की काबिलियत उसकी उम्र या उसके को-स्टार की उम्र से तय नहीं होती, बल्कि उसके टैलेंट, प्रोफेशनल रवैये और काम करते रहने के जज्बे से होती है। टैलेंट की कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती। ऐसे समय में जब काम मिलना मुश्किल हो सकता है। काम करते रहने का फैसला सम्मान के लायक है, मजाक उड़ाने के लायक नहीं। कीमत उम्र से नहीं होती है, बल्कि टैलेंट से होती है।’

गोविंदा के प्रोफेशनलिज्म पर बोलीं सोमी अली

सोमी अली ने एक्टर के काम की तारीफ करते हुए इसी पोस्ट में आगे कहा, ‘किसी एक्टर की कीमत उसकी उम्र या उसके को-स्टार की उम्र से तय नहीं होती। यह उसके टैलेंट, प्रोफेशनलिज्म और आगे बढ़ते रहने की इच्छा से तय होती है। जब मौके मिलना मुश्किल हो तब एक और मौका मिलने का जश्न मनाया जाना चाहिए। हर अभिनेता को यह साबित करने का मौका मिलना चाहिए कि उनके पास अभी भी कुछ सार्थक देने के लिए है। उम्र कभी भी किसी ऐसे व्यक्ति के खिलाफ हथियार नहीं बननी चाहिए, जो बस अपनी आजीविका कमाने की कोशिश कर रहा हो। शायद किसी अभिनेता के बारे में सबसे प्रशंसनीय बात यह है कि जब इंडस्ट्री या दूसरे लोग उसे यह कहने लगते हैं कि वह बहुत बूढ़ा हो गया है तब भी वह हार मानने से इनकार कर देता है और काम करता है।’

सुनीता ने गोविंदा को कहा था ‘शुगर डैडी’

हाल ही में गोविंदा ने उनके लिए इस्तेमाल की जा रही भाषा पर गहरा ऐतराज जताया था और सुनीता द्वारा ‘शुगर डैडी’ बोले जाने पर अपनी सफाई दी थी। ‘हीरो नंबर 1’ गोविंदा ने कहा कि इस तरह से आम बातचीत में गाली-गलौज और अभद्र भाषा का प्रयोग करना रिश्तों की गरिमा को कम करता है और यह सब बिल्कुल सही नहीं है। सुनीता का ‘शुगर डैडी’ वाला बयान उस वक्त सामने आया था, जब उनसे गोविंदा के खुद से कम उम्र की अभिनेत्रियों के साथ काम करने को लेकर सवाल पूछा गया था।

ये भी पढ़ें – ‘शुगर डैडी’ वाले तंज पर भड़के गोविंदा, सुनीता अहूजा पर किया पलटवार, बोले- अपनी हद में रहो

Latest Bollywood News





Source link

Write A Comment