महाराष्ट्र के अमरावती जिले में एक सरकारी आवासीय विद्यालय के छात्रावास उस वक्त सन्नाटा पसर गया जब 600 छात्र-छात्राएं इस छात्रावास को छोड़कर अपने-अपने घर चले गए। इन स्टूडेंट्स का दावा है कि कुछ छात्राओं पर भूत-प्रेत का असर है। इस घटना की शुरुआत 22 जुलाई को तब हुई, जब चार छात्राओं ने अचानक अजीब व्यवहार करना शुरू कर दिया और वे बेकाबू होकर रोने और हंसने लगीं। आशंका है कि यह स्थिति मानसिक तनाव से जुड़ी हो सकती है।
मुंबई से 700 किलोमीटर से अधिक दूरी पर स्थित, उत्तरी महाराष्ट्र के आदिवासी बहुल मेलघाट क्षेत्र के चिखलदरा तहसील के डोमा गांव में इस आदिवासी आवासीय विद्यालय में 810 छात्र-छात्राएं रहते हैं। जल्द ही यह अफवाह फैल गई कि छात्राएं ऊपरी साये के असर में हैं, जिसके कारण कुछ ही दिनों के भीतर करीब 600 स्टूडेंट्स ने आदिवासी विकास विभाग द्वारा संचालित इस कथित ‘भूतिया’ छात्रावास को छोड़ दिया। छात्रावास के एक सूत्र के अनुसार, कुछ छात्राओं ने घुंघरुओं के खनकने की आवाजें सुनाई देने का भी दावा किया था।
भूत का डर या हिस्टीरिया?
आदिवासी विकास विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विशेषज्ञों की एक टीम ने डोमा आवासीय विद्यालय का दौरा किया है। अधिकारी ने कहा, ”इन लक्षणों का किसी भी अलौकिक या अंधविश्वास वाली गतिविधि से कोई लेना-देना नहीं है। यह मानसिक तनाव से जुड़ी एक चुनिंदा ‘हिस्टीरिया’ (मिरगी जैसा मानसिक दौरा) जैसी स्थिति हो सकती है।”
पेड़ काटा तो आत्माएं नाराज हो गईं?
वहीं, प्रशासन द्वारा तैयार की गई एक मनोवैज्ञानिक रिपोर्ट के अनुसार, कुछ छात्राओं के इस अजीब व्यवहार के बाद कई तरह की बातें सामने आने लगीं। रिपोर्ट में कहा गया है कि बाद में गांव की कुछ महिलाओं में भी इसी तरह के मानसिक लक्षण विकसित हो गए। इसमें कहा गया है कि छात्रों और स्थानीय लोगों के बीच एक धारणा यह फैली कि जहां आश्रम स्कूल बना है, वहां पहले ‘महुआ’ का एक पेड़ हुआ करता था, जिस पर आत्माओं का वास था। स्कूल मैनेजमेंट ने उस पेड़ को काट दिया, जिससे गुस्सा होकर आत्माएं छात्रों को परेशान कर रही हैं।
देवता नाराज हो गए?
एक और कारण यह बताया गया कि आश्रम विद्यालय के पीछे स्थित स्थानीय आदिवासियों के देवता का मंदिर विद्यालय के नाले के कारण प्रभावित या अतिक्रमित हो गया था, जिससे देवता नाराज हो गए थे। वहीं, तीसरे कारण के रूप में यह अफवाह फैली कि स्कूल के पास के खेत में एक आदिवासी युवक की मौत हो गई थी, जिसकी आत्मा भूत बनकर वहां भटक रही है। रिपोर्ट में इस असामान्य स्थिति का मुख्य कारण अंधविश्वास, डर, तनाव और आत्माओं के संबंध में स्थानीय मान्यताओं को बताया गया है।
अंधविश्वासों के बहकावे में न आने की अपील
अधिकारी ने बताया कि अंधविश्वास उन्मूलन के लिए काम करने वाली संस्था ‘महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति’ के सीनियर अफसरों ने भी छात्रों से मुलाकात कर उन्हें समझाया। समिति ने लोगों से अपील की है कि वे अंधविश्वासों के बहकावे में न आएं और इस घटना को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखें। अमरावती से सांसद बलवंत वानखेड़े ने भी विद्यार्थियों से न डरने और दोबारा स्कूल जाना शुरू करने की अपील की है। स्कूल के हेडमास्टर संजय चौधरी ने बताया कि छात्राओं को समझाने और उन्हें वापस स्कूल लाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा, “कुछ विद्यार्थी वापस लौट आए हैं।”
वहीं, आपको बता दें कि कुछ समय पहले महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट ने अजीबोगरीब बयान दिया है, जिससे सियासी बहस छिड़ गई। उन्होंने कहा कि नगर निकाय की बिल्डिंग भूतिया है और यहां आत्माएं मंडराती हैं।
(रिपोर्ट- PTI)
यह भी पढ़ें-
ड्यूटी से घर लौटे पुलिस अधिकारी, कुछ देर बाद साड़ी से लटके मिले; पत्नी ने देखा खौफनाक नजारा
जन्मदिन का केक खाने के बाद 11 की बिगड़ी तबीयत, डिब्बे में मरी हुई छिपकली मिलने का दावा, मचा हड़कंप