Last Updated:
आलू और हरी मटर से बनने वाली कुरकुरी टिकिया शाम की चाय के लिए बेहतरीन स्नैक है. इसे बनाने के लिए महंगी सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. सही तरीके से आलू-मटर का मिश्रण तैयार करने और मध्यम आंच पर टिकिया सेंकने से यह बाहर से कुरकुरी और अंदर से स्वादिष्ट बनती है.
स्वादिष्ट और कुरकुरी आलू-मटर टिकिया अगर घर बनाना चाहते हैं, तो इसके लिए बहुत ज्यादा सामान जुटाने की जरूरत नहीं पड़ती है. इसके लिए उबले हुए आलू, हरी मटर, हरी मिर्च, अदरक और ताजा धनिया की जरूरत होती हैं. हां स्वाद बढ़ाने के लिए नमक, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और अमचूर पाउडर डाल सकते हैं. मिश्रण को सही तरीके से बांधने के लिए ब्रेड क्रम्ब्स काम आ सकते हैं. अगर चाहें तो इसमें कद्दूकस किया पनीर या बारीक कटी पसंदीदा सब्जियां भी मिला सकते हैं.
टिकिया का असली स्वाद उसकी सही तैयारी से शुरू आता है. सबसे पहले आलू को अच्छी तरह धोकर पानी में नरम होने तक उबालना चाहिए और ठंडा होने पर आलू छीलकर किसी बड़े बर्तन में अच्छी तरह मैश यानि मसल लें. अब हरी मटर को भी उबालें और उसका पानी पूरी तरह निकाल दें. मटर को हल्का दरदरा पीसें, ताकि टिकिया में उसका स्वाद और हल्की बनावट दोनों दिखाई दे सके. मटर में अतिरिक्त पानी बिल्कुल नहीं रहना चाहिए.
बलिया निवासी बुजुर्ग विद्यावती देवी के अनुसार, अब एक बड़े बर्तन में मैश किया हुआ आलू और दरदरी पिसी हुई मटर डालना चाहिए. इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, कसा हुआ अदरक और ताजा कटा धनिया मिला दे. अब स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और अमचूर पाउडर डालें. सभी चीजों को हाथ या चम्मच की मदद से अच्छी तरह मिलाएं. जरूरत के हिसाब से मिर्च की मात्रा कम या अधिक कर सकते हैं. इन्हीं मसालों के सही संतुलन से टिकिया का स्वाद लाज़वाब होता हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अब जो आपका मिश्रण तैयार है, उसकी नमी पर खास ध्यान दे. अगर आलू-मटर का मिश्रण ज्यादा नरम या गीला लग रहा है, तो उसमें जरूरत के हिसाब से ब्रेड क्रम्ब्स डाल देना चाहिए. ब्रेड क्रम्ब्स मिश्रण को मजबूती देंगे और टिकिया बनाते समय टूटने से बचाएंगे. अब तैयार मिश्रण का थोड़ा हिस्सा हथेली पर लें और गोल बनाए. इसे हल्के हाथ से दबाकर चपटा करें. इसी तरह सारी टिकिया बनाकर एक प्लेट में रख लेना चाहिए.
इसके बाद गैस पर तवा मध्यम आंच पर गर्म करें. तवा गर्म होने के बाद उस पर थोड़ा सा तेल डालें और अच्छी तरह फैला दें. अब तैयार टिकिया सावधानी से तवे पर रखें और उन्हें मध्यम आंच पर धीरे-धीरे सेंकें यानि भुने. जल्दबाजी में तेज आंच रखने से टिकिया बाहर से जल सकती है और अंदर से ठीक से गर्म नहीं हो पाती है. इसलिए आराम से टिकिया को सुनहरा रंग आने तक पकने दें. तभी टिकिया कुरकुरी बनेगी.
ध्यान दीजिए, जब टिकिया की नीचे वाली सतह सुनहरी हो जाए, तो धीरे से पलट दे. आवश्यकतानुसार किनारों पर थोड़ा सा तेल डाल दें. अब दूसरी तरफ भी अच्छी तरह सेंकें, जब तक दोनों सतहें सुनहरी, कुरकुरी और आकर्षक न दिखाई देने लगें, तब तक पकाते समय तवे पर टिकिया को बार-बार न दबाए, वरना उसका आकार बिगड़ सकता है. टिकिया को तवे से उतारकर कुछ देर प्लेट में रख दें. अब इसकी खुशबू मन को ललचाने लगेगी.
अगर आलू टिकिया को गरमा-गरम परोसा जाए, तो मजा ही कुछ और है. इसे हरी धनिया-पुदीना चटनी, इमली की मीठी चटनी या साधारण टमाटर सॉस के साथ खाया जा सकता है. ऊपर से थोड़ा बारीक कटा प्याज, धनिया और चाट मसाला डालने पर इसका स्वाद और भी मजेदार हो जाता है. बच्चों के टिफिन में यह स्वादिष्ट स्नैक आसानी से रखा जा सकता है. मेहमान अचानक आ जाएं, तब भी यह झटपट बनने वाला बेहतरीन नाश्ता है.
आप कम तेल में भी बेहतरीन टिकिया बना सकते हैं. इसे एयर फ्रायर में भी आसानी से तैयार कर सकते हैं. इससे स्वाद बरकरार रखते हुए तेल की मात्रा कम की जा सकती है. मिश्रण में पनीर, गाजर या शिमला मिर्च जैसी सब्जियां मिलाकर इसे और पौष्टिक बनाया सकता हैं. इसके लिए महंगी सामग्री की भी जरूरत नहीं पड़ती हैं. थोड़ी सी तैयारी, सही मसाले और हल्की मेहनत से बनी यह घरेलू टिकिया नाश्ते की मेज पर खूब अपने लाजवाब स्वाद से सभी को दीवाना बना सकती हैं.