भारत में विदेशी पर्यटकों से जुड़ी आम धारणा यह है कि उन्हें अक्सर ज्यादा दाम वसूले जाते हैं या ठगी का शिकार होना पड़ता है। लेकिन एक विदेशी महिला ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपना अनुभव साझा कर इस धारणा को चुनौती दी है। इंस्टाग्राम पर जेन नाम की इस ट्रैवलर ने वीडियो में बताया कि भारत में उन्हें ज्यादातर समय कम कीमत ली जाती है, मुफ्त खाना-मिठाई मिलती है और अजनबी लोग उन्हें अपने घर बुला लेते हैं। उन्होंने भारतीय लोगों की ‘अविश्वसनीय मेहमाननवाजी’ और गर्माहट की जमकर प्रशंसा की। 

इंस्टाग्राम पर शेयर किया अनुभव 

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @janekikhoj नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में महिला ने कहा कि, ‘बहुत से लोग सोचते हैं कि भारत में आपको हमेशा ठगा जाता है, ज्यादा पैसे वसूले जाते हैं। इसमें कुछ सच्चाई भी है। लेकिन मैं उन कई मौकों के बारे में बात करना चाहती हूं जब एक विदेशी के रूप में भारत में मुझसे कम कीमत ली गई।’ उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्हें पता चला कि उनका चायवाला जानबूझकर उनसे कम दाम ले रहा था क्योंकि वे इस देश की मेहमान हैं। रेस्तरां में भी कई बार उन्हें एक्स्ट्रा मिठाई दी गई और कहा गया, ‘इंडिया में आपका स्वागत है।’ 

शादियों में आमंत्रण पर भी बोलीं 

जेन के अनुसार, मेहमाननवाजी सिर्फ कम दाम या मुफ्त खाने तक सीमित नहीं थी। अजनबी भारतीय परिवार उन्हें खाने पर बुलाते, अपने चचेरे भाई-बहनों की शादी में ले जाते और यहां तक कि ठहरने की जगह भी ऑफर करते। अपनी पहली भारत यात्रा के दौरान वे ज्यादातर समय भारतीय परिवारों के साथ रहीं। मेजबान परिवार उन्हें अगले शहर में अपने रिश्तेदारों या दोस्तों से जोड़ देते थे। उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि दुनिया के कई देशों में लोग इतने मेहमाननवाज और स्वागत करने वाले हैं जितने भारत में हैं।’ जेन ने स्वीकार किया कि कभी-कभी कैब का किराया ज्यादा लग सकता है, लेकिन उनके अनुभव में कम कीमत लिए जाने और भारतीय लोगों की गर्माहट का लाभ मिलने के मौके कहीं ज्यादा हैं। उन्होंने वीडियो का कैप्शन ‘भारत में कम कीमत वसूलना बनाम अधिक कीमत वसूलना’ दिया। 

यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं 

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और कई भारतीय यूजर्स ने इसे सराहा। कई लोगों ने कमेंट में लिखा कि जेन ने भारत के असली चेहरे को सही तरीके से कैप्चर किया है। एक यूजर ने लिखा कि, ‘भारतीय आतिथ्य सत्कार सचमुच बेजोड़ है।’

दूसरे यूजर ने लिखा कि, ‘भारत का कितना सुंदर चित्रण है।’

तीसरे यूजर ने लिखा कि, ‘चायवाले वाला हिस्सा दिल को छू लेने वाला है।’

चौथे यूजर ने लिखा कि, ‘भारत की गर्मजोशी पैसों से परे है।’

गौरतलब है कि, इससे पहले भी एक विदेशी महिला ने भारतीयों की मेहमाननवाजी की तारीफ की थी।   

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें –

Video : भारतीयों की मेहमाननवाजी से विदेशी टूरिस्ट को हुआ प्यार, सम्मान में कह दी बड़ी बात; रिएक्शन वायरल





Source link

Write A Comment