Last Updated:
Sooji Cheela Recipe: सूजी को पचाना आसान होता है. साथ ही इससे डिश बनाने के लिए बहुत ज्यादा देर तक वेट करने की भी जरूरत नहीं होती है. क्योंकि ये पानी में डालने के साथ ही फुलने लगता है. ऐसे में यदि आप जल्दी और हेल्दी नाश्ता की रेसिपी खोज रहे हैं तो सूजी वेज चीला आपके लिए बेस्ट विकल्प साबित हो सकता है.
सुबह का नाश्ता दिन का सबसे जरूरी मील माना जाता है. ऐसे में हर कोई चाहता है कि नाश्ता स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक और जल्दी बनने वाला भी हो. लेकिन बिजी रूटिन में रोजाना कुछ नया और हेल्दी बनाना आसान नहीं होता. अगर आप भी ऐसा नाश्ता ढूंढ़ रहे हैं जो कम समय में तैयार हो जाए और पूरे परिवार को पसंद आए, तो सूजी वेज चीला एक बेहतरीन विकल्प है.
सूजी, दही और ताजी सब्जियों से तैयार होने वाला यह चीला स्वाद और सेहत का शानदार मेल है. इसमें मौजूद सब्जियां शरीर को जरूरी विटामिन और मिनरल्स प्रदान करती हैं, जबकि सूजी ऊर्जा देने का काम करती है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए ज्यादा तैयारी की जरूरत नहीं पड़ती और यह कुछ ही मिनटों में तैयार हो जाता है. बच्चों से लेकर बड़ों तक, हर कोई इस कुरकुरे और स्वादिष्ट चीले का आनंद ले सकता है. इसे हरी चटनी, दही या टोमैटो सॉस के साथ परोसकर नाश्ते को और भी मजेदार बनाया जा सकता है.
सामग्री
सूजी – 1 कप
दही – ½ कप
प्याज – 1 बारीक कटा हुआ
टमाटर – 1 बारीक कटा हुआ
शिमला मिर्च – ½ बारीक कटी हुई
हरी मिर्च – 1 बारीक कटी हुई
हरा धनिया – 2 चम्मच
नमक – स्वादानुसार
जीरा – ½ चम्मच
पानी – जरूरत के अनुसार
तेल – सेंकने के लिए
बनाने की विधि
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में सूजी और दही डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए गाढ़ा बैटर तैयार करें. अब इस मिश्रण को लगभग 10 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए.
10 मिनट बाद बैटर में बारीक कटा प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें. इसके बाद नमक और जीरा मिलाकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स कर लें. अगर बैटर ज्यादा गाढ़ा लगे तो थोड़ा पानी मिलाकर चीले की सही कंसिस्टेंसी तैयार करें.
अब एक नॉन-स्टिक तवा या सामान्य तवा गर्म करें. तवे पर थोड़ा तेल लगाएं. एक कलछी बैटर लेकर तवे पर डालें और हल्के हाथों से गोल आकार में फैला दें. मध्यम आंच पर चीले को पकाएं. जब नीचे की तरफ सुनहरा रंग आ जाए, तो उसे पलट दें और दूसरी तरफ भी सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें.
दोनों तरफ से अच्छी तरह पकने के बाद चीले को प्लेट में निकाल लें. इसी तरह बाकी बैटर से भी चीले तैयार कर लें. गरमा-गरम सूजी वेज चीला हरी चटनी, दही या टोमैटो सॉस के साथ परोसें. यह स्वादिष्ट नाश्ता सुबह की शुरुआत को हेल्दी और मजेदार बना देगा.
About the Author
शारदा सिंह एक अनुभवी लाइफस्टाइल पत्रकार हैं, जिनके पास डिजिटल मीडिया और कंटेंट लेखन के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से…
और पढ़ें