Last Updated:
पर्व-त्योहारों पर घर पर पेड़ा बनाने का ट्रेंड देखा जा रहा है. मावा, पिसी चीनी, इलायची और ड्राई फ्रूट्स से इसे आसानी से बनाया जा सकता है. एक किलो दूध से 200 ग्राम खोया बनता है. इससे बने 50-60 पेड़े स्वादिष्ट और मिलावट मुक्त होते हैं. आप इस रक्षाबंधन इसे ट्राई कर सकते हैं.
मुजफ्फरपुरः रक्षाबंधन के त्योहार पर भाई का मुंह मीठा कराने के लिए बाजार से मिठाई खरीदने के बजाय घर पर ही स्वादिष्ट और ताजा पेड़ा तैयार किया जा सकता है. इसे बनाने में ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती और थोड़ी सी मेहनत से स्वादिष्ट पेड़ा तैयार हो जाता है. घर पर बनी मिठाई होने के कारण इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जा सकता है.
ऐसे बनाएं घर पर पेड़ा
सबसे पहले कड़ाही में एक चम्मच घी डालकर मावा या खोया डालें. इसे धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए हल्का सुनहरा होने तक भूनें. ध्यान रखें कि मावा कड़ाही में चिपके नहीं और तेज आंच पर जलने न पाए. अच्छी तरह भुनने के बाद इसे एक प्लेट में निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें.
मावा ठंडा होने के बाद इसमें पिसी हुई चीनी और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं. मिश्रण को हाथ से तब तक गूंथें, जब तक यह नरम होकर एकसार न हो जाए. अब इसके छोटे-छोटे हिस्से लेकर गोल आकार दें और हल्का दबाकर पेड़े का आकार तैयार करें. इसके ऊपर बादाम और पिस्ता के छोटे टुकड़े लगाकर सजाएं. चाहें तो पेड़े के बीच में हल्का निशान भी बनाया जा सकता है, जिससे यह बाजार जैसी मिठाई दिखाई देगी.
एक किलोग्राम दूध से करीब 200 ग्राम खोया तैयार
मुजफ्फरपुर के स्थानीय मिठाई दुकानदार मनोज कुमार बताते हैं कि पेड़ा घर पर आसानी से बनाया जा सकता है. उनके अनुसार, एक किलोग्राम दूध से करीब 200 ग्राम खोया तैयार हो सकता है और उससे लगभग 50 से 60 छोटे पेड़े बनाए जा सकते हैं. स्वाद और सजावट बढ़ाने के लिए इलायची के साथ बादाम, पिस्ता और अन्य ड्राई फ्रूट्स का इस्तेमाल किया जा सकता है.
रक्षाबंधन के मौके पर बहनें इस आसान रेसिपी से घर पर पेड़ा बनाकर भाई का मुंह मीठा करा सकती हैं. ताजा खोया, इलायची और ड्राई फ्रूट्स से तैयार यह मिठाई स्वाद के साथ त्योहार की खुशी को भी खास बना सकती है.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…
और पढ़ें