क्रिकेट में पांच विकेट लेने के बाद गेंदबाजों को मैच की गेंद अपने पास रखने का मौका मिलना कोई नई बात नहीं है। लेकिन अगर टेस्ट की एक ही पारी में दो गेंदबाज पांच-पांच विकेट चटका दें तो क्या होगा? इंग्लैंड के जोश टंग और ओली रॉबिन्सन के साथ कुछ ऐसा ही हुआ, लेकिन दोनों ने इस यादगार पल को बांटने का बेहद अनोखा तरीका खोज निकाला।

पाकिस्तान के खिलाफ हेडिंग्ले टेस्ट के पहले दिन इंग्लैंड के दोनों तेज गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच-पांच विकेट झटके। टंग ने 46 रन देकर पांच विकेट हासिल किए, जबकि चोट के बाद टेस्ट टीम में वापसी कर रहे रॉबिन्सन ने 51 रन देकर पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। दोनों ने मिलकर पाकिस्तान की पारी को 171 रन पर समेटते हुए 10 विकेट आपस में बांट लिए।

मैच बॉल के किए 2 हिस्से

इस शानदार प्रदर्शन के बाद दोनों के सामने सवाल था कि मैच की गेंद यादगार के तौर पर किसे मिलेगी। किसी एक को चुनने के बजाय टंग और रॉबिन्सन ने ऐसा फैसला किया, जो शायद क्रिकेट में लंबे समय तक याद रखा जाएगा। दोनों ने मैच की गेंद को बीच से कटवाकर दो हिस्सों में बंटवा दिया, ताकि दोनों गेंदबाज अपने शानदार प्रदर्शन की निशानी अपने पास रख सकें।

रॉबिन्सन ने BBC टेस्ट मैच स्पेशल पर बताया कि मैदान से बाहर जाते समय दोनों के बीच यह विचार आया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट की आधी गेंद बहुत आम चीज नहीं है और इसे वे जिंदगीभर याद रखेंगे। खासकर इसलिए क्योंकि एक ही टेस्ट पारी में दो गेंदबाजों का पांच विकेट लेना भी रोज-रोज देखने को नहीं मिलता। टंग ने भी बताया कि रॉबिन्सन ने ही गेंद को आधा करने का सुझाव दिया था। हेडिंग्ले के ग्राउंड स्टाफ ने दोनों की इच्छा पूरी करते हुए गेंद को बीच से काट दिया। टंग ने कहा कि उन्होंने इससे पहले ऐसा कभी नहीं देखा और वह इस टुकड़े को कहीं खास जगह पर रखेंगे।

20 साल बाद हुआ बड़ा कारनामा

इस प्रदर्शन के साथ इंग्लैंड के टेस्ट क्रिकेट में एक और दिलचस्प इतिहास भी जुड़ गया। मेन्स टेस्ट क्रिकेट में यह 16वीं बार है जब इंग्लैंड के दो गेंदबाजों ने एक ही पारी में पांच-पांच विकेट लिए हैं। इससे पहले आखिरी बार 2006 में पाकिस्तान के खिलाफ ओल्ड ट्रैफर्ड टेस्ट में स्टीव हार्मिसन और मोंटी पनेसर ने यह कारनामा किया था।

रॉबिन्सन के लिए यह वापसी भी बेहद खास रही। चोट के बाद टेस्ट टीम में लौटे गेंदबाज ने मैच की पहली ही बॉल पर विकेट झटका। इसके बाद उन्होंने शानदार अंदाज में पांच विकेट लेकर अपनी वापसी को यादगार बनाया, जबकि टंग ने भी पाकिस्तान के लोअर ऑर्डर को समेटने में अहम भूमिका निभाई। हेडिंग्ले में दोनों ने पाकिस्तान के खिलाफ गेंद से कमाल किया और फिर उसी गेंद को आधा बांटकर इस ऐतिहासिक दिन की याद भी हमेशा के लिए अपने साथ ले गए।

यह भी पढ़ें:

93 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ बराबर, मानव सुथार ने रचा इतिहास, खास क्लब में बनाई जगह

पाकिस्तान करेगा श्रीलंका और इंग्लैंड की मेजबानी, वनडे ट्राई सीरीज के शेड्यूल का भी हुआ ऐलान

Latest Cricket News





Source link

Write A Comment