उत्तर प्रदेश के लखनऊ में गुरुवार को पॉश एरिया में मर्डर से सनसनी फैल गई। शहर के गोमती नगर इलाके में दोपहर के समय आईसीआईसीआई बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार महिला के पति ने गोली मारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

महिला को गोली मारे जाने की खबर मिलते ही सीनियर अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोली लगने से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं। अब तक यह साफ नहीं हुआ है कि पति ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया? हालांकि, शहर के पॉश इलाके में हत्या से हड़कंप मचा हुआ है।

बैंक के बाहर बुलाकर मारी गोली

जानकारी के अनुसार आरोपी पति ने मृतका दिव्या मिश्रा को बैंक से बाहर बुलाया। यहां दोनों के बीच थोड़ी देर तक बात हुई। इसके बाद आरोपी ने महिला को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। घटना दोपहर 12  बजे के आसपास की बताई जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए पूरे घटनाक्रम का पता लगाने की कोशिश कर रही है। वहीं, आरोपी पति अपनी पत्नी को गोली मारने के बाद घर पहुंचा। यहां उसने बहन की भी गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

बहन ने दी जानकारी

मृतक युवती की बहन ने एक्स पोस्ट पर बताया कि उनकी बहन को गोली मारी गई है और इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सा विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है। उन्होंने ईश्वर से बहन के लिए प्रार्थना की। इसके जवाब में लखनऊ की तरफ से कहा गया कि मौके पर उच्चाधिकारीगण मौजूद हैं और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 





Source link

Write A Comment