झारखंड के बोकारो में एक घर के अंदर मां और बेटे के शव मिले हैं। घर के हालातों को देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल है कि दोनों की मौत कैसे हुई। ऐसे में पुलिस ने मौत की वजह पता करने के लिए दोनों शव पोस्टमार्टम कराने भेजे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मां का शव सड़ा-गला हुआ था। वहीं, बेटे का शव एक-दो दिन पुराना है। मामले की जांच करने के लिए रांची से फॉरेंसिक टीम भेजी गई है।
घटना बोकारो की रिहायशी को ऑपरेटिव कॉलोनी की है। यहां मां-बेटे की संदिग्ध मौत हुई है। दोनों के शव घर में मिले हैं। प्लॉट संख्या-67 में मां और बेटे का शव संदिग्ध अवस्था में पाया गया। इसके बाद से पूरे कॉलोनी में सनसनी सी फैल गई।
बेटे के साथ रहती थी मां
जानकारी के अनुसार यह प्लॉट सेवानिवृत बीएसएल कर्मी स्वर्गीय एनके सिन्हा का है। इसमें फिलहाल उनकी पुत्री 60 वर्षीया अनिता देवी अपने 30 वर्षीय पुत्र नितेश के साथ रह रही थी। बताया जाता है कि इस प्लॉट में पिछले 5-6 वर्षों से बिजली भी नहीं थी। सोसायटी के पास बिजली का बिल बकाया रहने की वजह से बिजली काट दी गई थी। पुलिस के अनुसार महिला का शव सड़ी-गली अवस्था में मिला है, जबकि उनके पुत्र का शव एक-दो दिन से ज्यादा का नहीं लग रहा है।
जांच में जुटी फोरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी राजीव रंजन, बीएससिटी थाना प्रभारी सुदामा दास पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी। इसके बाद रांची से आई फोरेंसिक टीम की ओर से भी जांच शुरू कर दी गई है। इस प्लॉट को लेकर घरेलू विवाद था, जिसकी वजह से इसकी देखरेख ठीक से नहीं हो रही थी। परिणामस्वरूप प्लॉट के चारों तरफ झाड़ियां उग चुकी हैं। सिटी डीएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा कि आखिर दोनों की मौत कैसे हुई है।
पुलिस अधिकारी का बयान
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बीएस सिटी थाने में सूचना मिली कि कोपरेटिव कॉलोनी के इस प्लॉट के एक मकान से दुर्गंध आ रही है। सर्च करने पर हमें नीचे बाथरूम में एक महिला का शव बरामद हुआ है। शव काफी डिकंपोज हो गया है। काफी पुराना लग रहा है, जिसके संबंध में हम लोग जांच कर रहे हैं। इसके उपरांत सर्च के क्रम में महिला के पुत्र निपेश का भी शव फर्स्ट फ्लोर में हमें प्राप्त हुआ है। दोनों के शव को हम लोग पोस्टमार्टम और एफएसएल टीम से जांच के उपरांत भेजने की तैयारी कर रहे हैं। अनुसंधान अभी जारी है। प्रथम दृष्टिया देखने में लग रहा है कि महिला बाथरूम में किसी तरह गिर गई है और बीमारी के होने के कारण इनका संपर्क इधर-उधर बहुत ज्यादा नहीं था। गिरने के बाद उनकी सहायता में कोई नहीं पहुंचा और मौत हो गई। नितेश के बारे में भी हम लोग पता कर रहे हैं। प्रथम दृष्ट्या अभी बहुत कुछ बताया नहीं जा सकता है। उसके भी बॉडी में कोई अभी इंजरी का निशान नहीं है। हम लोग जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही कुछ क्लियर बता पाएंगे।
(बोकारो से मृत्युंजय की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
सोरेन सरकार को बड़ा झटका, JPSC परीक्षाओं-नियुक्तियों को रद्द करने के फैसले पर हाई कोर्ट ने लगाई रोक
घर में सो रहे थे मासूम, जहरीले सांप ने दोनों भाई-बहन को डस लिया; 6 घंटे बाद इलाज, दोनों ने गंवाई जान