Last Updated:
Chilli Potato Recipe: शाम की चाय के साथ अगर कुछ चटपटा, मसालेदार और क्रिस्पी खाने का मन हो तो चिली पोटैटो जरूर ट्राई कर सकते हैं. यह स्वादिष्ट स्नैक घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है और इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है. इसके लिए आलू को फ्रेंच फ्राइज की तरह काटकर कॉर्नफ्लोर के साथ कोट करें और सुनहरा व कुरकुरा होने तक फ्राई करें. इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म कर लहसुन, हरी मिर्च, प्याज और शिमला मिर्च भूनें. इसमें सोया सॉस, चिली सॉस और टोमैटो सॉस डालकर फ्राइड आलू मिलाएं. फिर अच्छी तरह टॉस करके गरमा-गरम परोस कर खाएं.
बच्चे हों या बड़े, आलू से तैयार चटपटे और क्रिस्पी चिली पोटैटो हर किसी को पसंद आते हैं. ऐसे में रेस्टोरेंट में मिलने वाली यह इंडो-चाइनीज डिश शाम के स्नैक्स, मूवी टाइम या छोटी-मोटी पार्टी के लिए बेहतरीन विकल्प है. अगर आपको लगता है कि घर पर रेस्टोरेंट जैसा स्वाद और क्रंच नहीं मिल सकता, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है. सही तरीके से आलू को क्रिस्पी फ्राई करके और स्वादिष्ट सॉस में टॉस करके इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है. इसकी सबसे खास बात यह है कि इसमें ज्यादा मेहनत नहीं लगती है. आज हम आपको घर पर बाजार जैसा चटपटा चिली पोटैटो बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे. ( प्रतीकात्मक फोटो )
चटपटे और क्रिस्पी चिली पोटैटो बनाने के लिए आपको ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होगी. इसके लिए 2 मीडियम साइज आलू, 2 बड़े चम्मच कॉर्न फ्लोर, 2 बारीक कटी हरी मिर्च, 1 कटी शिमला मिर्च, 1 कटा प्याज और 1 कटी गाजर लें. स्वाद बढ़ाने के लिए 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट और 1 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर डालें. इसके अलावा 5-6 बड़े चम्मच शेजवान सॉस, 1/2 बड़ा चम्मच टोमेटो केचअप, 1 छोटा चम्मच सफेद सिरका, स्वादानुसार नमक और जरूरत के अनुसार तेल चाहिए. इन्हीं चीजों से स्वादिष्ट चिली पोटैटो तैयार होंगे. ( प्रतीकात्मक फोटो )
घर पर चिली पोटैटो बनाने के लिए सबसे पहले आलू को अच्छी तरह धोकर छील लें. अब इन्हें लंबाई में पतले और एक समान टुकड़ों में काटें, ताकि सभी आलू एक साथ अच्छी तरह पक सकें. कटे हुए आलू को दोबारा पानी से धोकर कुछ देर के लिए छलनी में रखें, जिससे उनका अतिरिक्त पानी निकल जाए. अब आलू को एक बाउल में डालकर कॉर्न फ्लोर मिलाएं. हाथों से अच्छी तरह टॉस करें, ताकि कॉर्न फ्लोर आलू के हर टुकड़े पर समान रूप से अच्छी तरह कोट हो जाए. ( प्रतीकात्मक फोटो )
Add News18 as
Preferred Source on Google
एक कड़ाही में तेल गर्म करें और कॉर्न फ्लोर लगे आलू को मीडियम से तेज आंच पर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक डीप फ्राई करें. फ्राइड आलू को प्लेट में निकालकर अलग रख दें. अब दूसरी कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें बारीक कटी हरी मिर्च डालकर हल्का भूनें. इसके बाद प्याज, शिमला मिर्च और गाजर डालकर तेज आंच पर कुछ मिनट तक लगातार चलाते हुए पकाएं. ध्यान रखें कि सब्जियां ज्यादा नरम न हों. हल्का क्रंच बनाए रखने से चिली पोटैटो का स्वाद और टेक्सचर बेहतर रहेगा. ( प्रतीकात्मक फोटो )
अब कड़ाही में अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर अच्छी तरह भूनें. इसके बाद शेजवान सॉस, टोमेटो केचअप, सफेद सिरका, काली मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें. सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर कुछ देर पकाएं, ताकि मसालों और सॉस का स्वाद अच्छी तरह घुल जाए. अब इसमें पहले से फ्राई किए हुए क्रिस्पी आलू डालें और तेज आंच पर अच्छी तरह टॉस करें. ध्यान रखें कि सॉस की कोटिंग आलू और सब्जियों पर अच्छी तरह चढ़ जाए. बस तैयार है आपका चटपटा और क्रिस्पी चिली पोटैटो. इसे गर्मागर्म स्नैक या स्टार्टर के रूप में सर्व करें सकते हैं. ( प्रतीकात्मक फोटो )