लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता अगले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को हमेशा के लिए ‘साफ’ कर देगी। सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर गरीबों को अपने एजेंडे में कभी जगह नहीं देने और परिवार के हितों के लिए प्रदेश को पीछे रखने का आरोप लगाया।

लखनऊ में मध्याह्न भोजन योजना के रसोइयों के सम्मान समारोह और नकद भुगतान रहित चिकित्सा सुविधा के कार्ड वितरण कार्यक्रम को सीएम योगी संबोधित कर रहे थे। सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में भोजन बनाने वाले रसोइयों को सामाजिक सुरक्षा की गारंटी भी दे रही है। मुख्यमंत्री ने रसोइयों के मानदेय में वृद्धि, दुर्घटना की स्थिति में दो लाख रुपये की सहायता, पांच लाख रुपये तक के नकद भुगतान रहित इलाज की सुविधा और साड़ी के लिए मिलने वाली राशि 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये करने की घोषणा की। 

‘सपा के एजेंडे में गरीब मुद्दा नहीं था’

सीएम योगी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा, “यह काम पहले भी हो सकता था, मगर पहले इसलिए नहीं होता था क्योंकि समाजवादी पार्टी के एजेंडे में गरीब तो कोई मुद्दा ही नहीं था।” सीएम योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्हें ‘बबुआ’ कहकर संबोधित किया और कहा, “आज आपने समाजवादी पार्टी के मुखिया का बयान पढ़ा होगा। बबुआ ने कहा है कि जब हमारे परिवार के सभी लोग सांसद हैं, इसीलिए तो सपा सपा बनी हुई है। हमने कहा कि सपा इसलिए सपा है क्योंकि जनता उसे अगले चुनाव में हमेशा के लिए साफ कर देगी।”

अखिलेश के डेली रूटीन पर भी कसा तंज

मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कोई दोपहर 12 बजे सोकर उठे, दो बजे तक तैयार हो, शाम पांच बजे व्यायामशाला जाए और फिर शाम को महफिल जमाए तो उसके पास प्रदेश के लिए समय कहां से होगा। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश के विकास के लिए समय नहीं था, लेकिन अब सरकार के पास जनता की समस्याओं का समाधान करने और हर वर्ग को आगे बढ़ाने की योजना है।

2017 से पहले और अब के यूपी की तुलना

सीएम योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि सपा शासन में गरीबों की जमीनों पर कब्जे होते थे, बेटियों की सुरक्षा खतरे में रहती थी और प्रदेश में दंगे आम बात थे। उन्होंने दावा किया कि अब उत्तर प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त हो चुका है और कानून-व्यवस्था में सुधार के कारण विकास को रफ्तार मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले बेसिक शिक्षा परिषद के कई विद्यालय वीरान और बदहाल नजर आते थे। अब ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत 19 मानकों के आधार पर स्कूलों में सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग और प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले लोगों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।

इससे पहले शनिवार को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने  बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा है कि आरक्षण था, आरक्षण है, आरक्षण रहेगा। अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी आरक्षण को खत्म करना चाहती है। आगे उन्होंने कहा कि आरक्षण PDA का अधिकार है और आरक्षण सुधार के नाम पर पीडीए समाज के खिलाफ गहरी साजिश की जा रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी और उसके साथी समीक्षा और सुधार जैसे अस्पष्ट शब्दों का प्रयोग कर आरक्षण का विरोध करते हैं। (भाषा)

ये भी पढ़ें:


सीएम योगी आदित्यनाथ से मिले जापानी छात्र, साथ में सेल्फी भी ली; सामने आईं तस्वीरें

 





Source link

Write A Comment