महाराष्ट्र के मुंबई से सटे कल्याण पूर्व में डॉक्टर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। भानु ज्योत अस्पताल में मरीज के इलाज को लेकर हुई बातचीत के दौरान एक व्यक्ति ने डॉक्टर के साथ कथित तौर पर मारपीट की। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार, एक मरीज अपने बेटे विनीत देशमुख के साथ इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा था। मरीज का इलाज कर रहे डॉक्टर योगेंद्र जयसवाल बीमारी और इलाज की प्रक्रिया के बारे में उन्हें समझा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विनीत देशमुख नाराज हो गया।

बताया जा रहा है कि स्थिति को देखते हुए मरीज ने खुद अपने बेटे से डॉक्टर के केबिन से बाहर जाने के लिए कहा। हालांकि, कुछ समय बाद विनीत देशमुख दोबारा डॉक्टर के केबिन में पहुंचा और डॉक्टर योगेंद्र जयसवाल के साथ मारपीट करने लगा। अचानक हुई इस घटना से अस्पताल में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद डॉक्टर की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

शिकायत के आधार पर कल्याण के कोलसेवाड़ी पुलिस ने विनीत देशमुख के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि डोंबिवली के शास्त्रीनगर अस्पताल में डॉक्टर और नर्स के साथ मारपीट की घटना के बाद अब कल्याण में डॉक्टर से मारपीट का मामला सामने आया है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को लेकर अस्पतालों में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

खबर अपडेट हो रही है…

ये भी पढ़ें-

रोहित पवार के PA की नाबालिग बेटी का घर के पास मिला शव, मां से नाराज होकर निकली थी घर से

पिंगलेश्वर समुद्र तट पर मिला संदिग्ध AIS सिस्टम और ऑक्सीजन सिलेंडर,सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट





Source link

Write A Comment