राजधानी दिल्ली के ITO रेड लाइट पर पुराने पुलिस मुख्यालय (PHQ) के ठीक सामने एक भीषण सड़क हादसा की घटना सामने आई है। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क के बीच बने डिवाइडर को जोरदार टक्कर मारी और उसे तोड़ते हुए सड़क के दूसरी ओर जा पहुंची। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह फुटपाथ पर लगी लोहे की ग्रिल में जाकर बुरी तरह फंस गई।
कर्नाटक सरकार की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त
डिवाइडर से टकराने के बाद बेकाबू कार सामने से आ रही कर्नाटक सरकार की एक बोर्ड लगी गाड़ी से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कर्नाटक सरकार की गाड़ी का अगला हिस्सा भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रैफिक पूरी तरह से बाधित हो गया। इस हादसे के तुरंत बाद दमकल विभाग को दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी से CNG सिलेंडर लीकेज होने की सूचना मिली। गैस लीकेज से किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए फायर ब्रिगेड ने तुरंत कार्रवाई की और दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर रवाना किया।
हादसे में 2 विधायक समेत कई लोग घायल
इस हादसे में दिल्ली की किराड़ी विधानसभा से पूर्व विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पटेल समेत दोनों गाड़ियों में सवार लोग घायल हो गए हैं। हादसे में दोनों विधायकों, स्विफ्ट चालक आशुतोष पांडे और उनके परिवार के सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी की हालत खतरे से बाहर और स्थिर बताई है।
लक्ष्मी नगर से ITO की तरफ जा रही थी कार
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात लगभग 9:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को सड़क हादसे की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को हादसे में दो गाड़ियां- इनोवा (DL-12CY-) और स्विफ्ट (DL-6CR-) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिलीं।
पूछताछ में सामने आया कि आर्य नगर (दिल्ली) के रहने वाले 32 वर्षीय आशुतोष पांडे अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ स्विफ्ट कार से लक्ष्मी नगर से ITO की ओर जा रहे थे। PWD ऑफिस के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और रेलिंग पार करते हुए ITO से लक्ष्मी नगर की तरफ जा रही इनोवा गाड़ी से सीधे टकरा गई।
सड़क से हटाए गए वाहन, जांच जारी
हादसे के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। पुलिस और दमकलकर्मियों की मदद से दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
दिल्ली के नरेला में तेज रफ्तार मर्सिडीज ने कई वाहनों को मारी थी टक्कर
बता दें कि इससे पहले दिल्ली के नरेला इलाके में मामुरपुर स्थित हिमालय अपार्टमेंट के सामने एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनियंत्रित होकर वैगनआर कार पीछे की ओर उछल गई थी। वैगनआर पास में खड़ी एक तिपहिया लोडिंग वैन से जा कर टकराई थी। इसी बीच एक 70 वर्षीय महिला (उर्मिला) सड़क किनारे खड़ी थी। वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने के दौरान महिला भी चपेट में आ गई थीं।
जानकारी के मुताबिक, मर्सिडीज हरियाणा पुलिस के SI का बेटा शुभम चला रहा था। हालांकि यह गाड़ी शुभम की नहीं है। ये गाड़ी शुभम के दोस्त की है, जो एक दिन पहले दोस्त से कहीं जाने के लिए मांगी थी। फिलहाल शुभम को मौके से ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि शुभम नशे में था, लेकिन मेडिकल जांच के बाद पता चलेगा कि शुभम नशे में था या नहीं।
ये भी पढ़ें-