इस वक्त की बड़ी खबर बस्तर से सामने आ रही है। यहां छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप एक दर्दनाक हादसे में बाल-बाल बच गए। जानकारी के मुताबिक उनकी गाड़ी से एक SUV की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद SUV उनकी एस्कॉर्ट गाड़ी से जा टकराई। इस हादसे में छह लोग घायल हो गए हैं। घायलों में वन मंत्री केदार कश्यप के पीए, एस्कॉर्ट गाड़ी का ड्राइवर और चार अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। इस हादसे में वन मंत्री केदार कश्यप बाल-बाल बच गए।

कुल छह लोग हुए घायल

स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) हर्षवर्धन वर्मा ने घटना की जनकारी देते हुए बताया कि भानपुरी पुलिस स्टेशन इलाके में फरसागुड़ा और जुनवाही गांवों के बीच में यह हादसा हुआ। इस हादसे में मंत्री केदार कश्यप के पर्सनल असिस्टेंट, चार पुलिसकर्मी और एस्कॉर्ट गाड़ी का ड्राइवर घायल हो गए। उन्होंने बताया कि वन मंत्री केदार कश्यप अपने पैतृक गांव फरसागुड़ा से कोंडागांव जा रहे थे, इसी बीच यह हादसा हो गया।

मंत्री की गाड़ी को SUV ने मारी टक्कर

पुलिस के मुताबिक, एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (SUV) कोंडागांव से जगदलपुर की ओर जा रही थी, तभी वह मंत्री की गाड़ी से टकरा गई। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद SUV मंत्री की कार के पीछे चल रही एस्कॉर्ट गाड़ी से जा टकराई। सुरक्षाकर्मी एस्कॉर्ट गाड़ी में सवार थे, जिसे काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि मंत्री केदार कश्यप को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और हादसे की सही वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू की। 

हिरासत में लिया गया SUV ड्राइवर

फिलहाल SUV ड्राइवर को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने बताया कि घायलों की पहचान मंत्री केदार कश्यप के PA अनुराग शर्मा, एस्कॉर्ट गाड़ी के ड्राइवर सुनील कुमार मौर्य, हेड कॉन्स्टेबल राजेश नेताम और सुकांतिन उसेंडी, और कॉन्स्टेबल तिलोत्तमा ध्रुव और नर्मदा मरकाम के तौर पर की गई है। SHO ने बताया कि घायलों में से दो को कोंडागांव जिला अस्पताल और तीन को बस्तर के डिमरापाल स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जबकि अनुराग शर्मा को रायपुर के बड़े अस्पताल में रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि SUV को भी काफी नुकसान पहुंचा है। 

वन मंत्री ने जाना घायलों का हाल

वहीं वन मंत्री केदार कश्यप ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “आज जगदलपुर–कोंडागांव मार्ग पर भानपुरी के समीप हमारे फॉलो वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार जवान घायल हो गए। घायल जवानों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा चिकित्सकों को समुचित एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मां दंतेश्वरी से सभी घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” उन्होंने घायलों से मुलाकात और घटना के बाद की तस्वीर भी एक्स पर शेयर की है। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सफारी से टकराया पिकअप टेंपो, डैशकैम में कैद हुई घटना; VIDEO आया सामने





Source link

Write A Comment