Last Updated:
मऊ: अगर आप अलग-अलग शहरों के लोकल स्ट्रीट फूड का स्वाद चखना पसंद करते हैं, तो मऊ का बंद मक्खन आपको जरूर आकर्षित कर सकता है. ताजे पाव में घर का मक्खन और दूध से तैयार खास मिश्रण भरकर इसे सेंका जाता है. चाय के साथ मिलने वाला यह स्नैक अपने स्वाद और बनाने के अनोखे अंदाज के कारण स्थानीय लोगों के बीच खास पहचान बना चुका है.
मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ में स्ट्रीट फूड के शौकीनों के बीच एक खास तरह का बंद मक्खन इन दिनों अपनी अलग पहचान बना रहा है. ताजे पाव, मक्खन और दूध से तैयार होने वाला यह नाश्ता स्वाद में इतना अलग है कि इसे खाने के लिए स्थानीय लोगों के साथ आसपास के इलाकों से भी लोग पहुंचते हैं. खास बात यह है कि इसमें बाजार के सामान्य बटर के बजाय घर के बने मक्खन का इस्तेमाल किया जाता है.
अज परवेज टी कॉफी हंट के संचालक मोहम्मद जीशान बताते हैं कि उनकी दुकान पर बंद मक्खन और चाय की बिक्री दोपहर करीब 2 बजे से रात 11 बजे तक होती है. दुकान पर आने वाले कई ग्राहक इसे पसंद करने के बाद दोबारा इसका स्वाद लेने पहुंचते हैं.
इस बंद मक्खन की सबसे खास बात इसकी तैयारी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री है. दुकान पर अमूल दूध और घर में तैयार मक्खन का इस्तेमाल किया जाता है. दूध और मक्खन के मिश्रण को पकाकर गाढ़ा तैयार किया जाता है, जिसे बाद में ताजे पाव के साथ इस्तेमाल किया जाता है. दुकानदार के मुताबिक, घर के मक्खन की वजह से बंद मक्खन में एक अलग तरह की मलाईदार खुशबू और स्वाद आता है. यही स्वाद इसे सामान्य बटर पाव से अलग बनाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
बंद मक्खन तैयार करने के लिए सबसे पहले ताजा बंद पाव लिया जाता है. उसमें मक्खन और तैयार किया गया दूध-मक्खन का मिश्रण डाला जाता है. इसके बाद पाव को हल्के मक्खन में सेंका जाता है. पहली बार सेंकने के बाद इसे कुछ देर सामान्य तापमान पर रखा जाता है और फिर दोबारा फ्राई किया जाता है. इस प्रक्रिया से पाव का बाहरी हिस्सा हल्का कुरकुरा हो जाता है, जबकि अंदर मक्खन का स्वाद बरकरार रहता है.
दुकान पर बंद मक्खन के साथ चाय भी मिलती है. कई ग्राहक इसे वहीं बैठकर खाते हैं, जबकि कुछ लोग घर ले जाने के लिए पैक कराकर भी ले जाते हैं. दोपहर से रात तक दुकान पर बंद मक्खन और चाय का सिलसिला चलता रहता है,
कीमत की बात करें तो यहां एक बंद मक्खन 30 रुपये में मिलता है, जबकि चाय 10 रुपये की है. दुकान पर इसे तैयार करने और ग्राहकों को परोसने के लिए तीन लोग काम करते हैं. मऊ में स्थानीय स्वाद की तलाश करने वालों के लिए यह बंद मक्खन एक दिलचस्प विकल्प बन गया है. ताजा पाव, घर के मक्खन और दूध से तैयार इसका अनोखा स्वाद ही इसकी सबसे बड़ी पहचान है.