देश में बीते कुछ दिनों से चीनी की कीमतों में काफी बढ़ोतरी देखने को मिली है। ऐसे में लोगों को चीनी के संकट का डर सताने लगा है। दिल्ली में भी चीनी की कीमतें और बढ़ने पर नेफेड से चीनी खरीदने और विभिन्न स्थानों पर लोगों के लिए उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने की तैयारी कर ली गई है। ऐसे समय में अब उत्तर प्रदेश से चीनी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को इस बात की जानकारी दी है कि यूपी के पास चीनी का कितना स्टॉक मौजूद है।
कितना है यूपी का चीनी का स्टॉक?
मंगलवार को उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ राजधानी लखनऊ में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां सीएम योगी ने कहा- “चीनी के संकट की बात हो रही है, लेकिन उत्तर प्रदेश में चीनी की कोई कमी नहीं है। यूपी में हर महीने कुल 4 लाख टन चीनी की खपत होती है। इसके मुकाबले हमारे पास 28 लाख टन का स्टॉक है। यानी हमारे पास सात महीने की सप्लाई मौजूद है।”
90 लाख टन चीनी का और उत्पादन होगा
सीएम योगी ने आगे कहा- “हम उत्तर प्रदेश में 15 अक्टूबर को चीनी मिलें फिर से शुरू करने जा रहे हैं। इसलिए हम अपनी चीनी मिलों के जरिए 90 लाख टन (यानी 900 लाख क्विंटल) चीनी का और उत्पादन करेंगे। यानी आप अनुमान लगाइए, इतने बड़े पैमाने पर यूपी का सामर्थ्य है। यूपी में इतने बड़े पैमाने पर उत्पादन करने की क्षमता है। यूपी में न केवल अपनी 25 करोड़ की आबादी, बल्कि भारत की पूरी 140 करोड़ की आबादी का पेट भरने का भी सामर्थ्य है।”
भारत में चीनी की कोई कमी नहीं- इस्मा
चीनी की कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी के बीच उद्योग संगठन ISMA ने सोमवार को बड़ा बयान जारी किया था। इस्मा ने कहा था कि भारत में चीनी की कोई कमी नहीं है और शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति देने तथा कारोबारियों एवं थोक उपभोक्ताओं पर भंडारण सीमा लगाने से आने वाले दिनों में चीनी की खुदरा कीमतों में कमी आने की भी उम्मीद है। PTI के मुताबिक, मंगलवार को खुदरा बाजार में चीनी की कीमतें लगभग एक रुपये बढ़कर करीब 64 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई हैं।
ये भी पढ़ें- चीनी के दाम अचानक क्यों बढ़े? एथेनॉल को लेकर शुरू हुई बहस के बीच सरकार ने दिया जवाब, जानें महंगाई की असली वजह
जनता के लिए राहत की बात! प्याज और चीनी की बढ़ती कीमत को लेकर दिल्ली सरकार ने ले लिया बड़ा फैसला