बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन इन दिनों अपने एक विज्ञापन को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में एक ज्वैलरी ब्रांड का रक्षाबंधन विज्ञापन जारी किया गया, जिसमें कृति सेनन दिखाई दीं। इस एड में कृति सेनन के कपड़े और कुत्ते को राखी बांधने को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया। विज्ञापन में उनके आउटफिट को लेकर तरह-तरह की बातें होने लगीं। बीजेपी सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत ने भी कृति की ओर इशारा करते हुए एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने ये सवाल उठाया कि आज के समय में जब महिलाओं के पास तरह-तरह के ऑप्शन मौजूद हैं तो इस तरह के रिवीलिंग कपड़े पहनकर राखी क्यों बांधना। इसके जवाब में कृति सेनन की बहन नुपुर ने भी एक पोस्ट शेयर किया और कृति ने भी। इस बीच राहुल गांधी की भी इस पूरे मामले में एंट्री हो गई है।
क्या बोली थीं कंगना रनौत?
कंगना रनौत ने कृति सेनन के राखी विज्ञापन पर प्रतिक्रिया देते हुए एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें लिखा- ‘आजकल महिलाओं के लिए बहुत अच्छा समय है। हमारे वॉर्डरोब में तरह-तरह के कपड़े हैं। आज की महिला ग्लोबल महिला है, कॉकटेल ड्रेस से लेकर लहंगा-चोली, जींस से लेकर साड़ी, बिकिनी से लेकर सलवार-कमीज तक, आज हमारे पास इतने सारे ऑप्शन हैं, तो फिर आप बिकिनी या अंडरगारमेंट्स पहनकर अपने भाई को राखी क्यों बांधेंगी? आपके स्टाइलिंग ऑप्शन कहां गए? हा हा, यह विज्ञापन जानबूझकर अजीब/डरावना लग रहा है!’
कृति सेनन का पलटवार
कंगना रनौत के पोस्ट और सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग पर रिएक्ट करते हुए कृति ने लिखा- ‘त्योहार का सार कपड़े में नहीं, उन भावनाओं और परंपराओं में होता है, जिन्हें आप अपने दिल में रखते हैं। रक्षाबंधन का त्योहार सुरक्षा के बंधन का त्योहार है और मैं और मेरी बहन हर साल रक्षाबंधन पर एक-दूसरे को राखी बांधते हैं। हम जानते हैं कि हम एक-दूसरे की उतनी ही रक्षा कर सकते हैं, जितना कोई भाई कर सकता है। एक-दूसरे के स्वास्थ्य, लंबी उम्र और खुशी के लिए हम प्रार्थना करते हैं। ये प्रार्थना और वादा हमारे कुत्तों तक भी पहुंचती है, क्योंकि वो भी हमारे परिवार का हिस्सा हैं। आखिर महिलाओं को ये बताना हम कब बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना है और क्या नहीं? समय के साथ एथनिक बदल चुका है, लेकिन आज भी किसी महिला के उसकी संस्कृति के प्रति प्यार और सम्मान को कपड़ों से मापा जाता है। संस्कृति और परंपराएं दिल में होती हैं, नेकलाइन में नहीं।’
कृति सेनन को मिला राहुल गांधी का साथ
क्या बोले राहुल गांधी?
राहुल गांधी ने कंगना रनौत के पोस्ट के बाद कृति सेनन को सपोर्ट करते हुए एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उनका कहना था कि महिलाएं क्या पहनती हैं, ये उनकी पसंद है। वह क्या करती हैं, कहां जाती हैं, ये भी उनकी ही पसंद है। राहुल गांधी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा- ‘एक महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है, ये उसकी पसंद है। महिलाओं को अपनी आजादी का इस्तेमाल करने के लिए ट्रोल करना बंद कीजिए।’
कंगना का जवाब
राहुल गांधी के पोस्ट का जवाब देते हुए कंगना ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी के पितृसत्ता को तोड़ने वाले पोस्ट पर कटाक्ष किया है। वहीं उन्होंने कहा कि ‘जो लोग उनपर अटैक करते हैं.. उनकी परवरिश पर सवाल उठाते हैं, वो उनकी तरह सक्सेस अचीव करके दिखाएं। फिर बात करें.. नाकारा नाकाम लोगों से वो सलाह नहीं लेंगी।’ दूसरी तरफ इन दिनों कंगना रनौत, तापसी पन्नू के साथ अपनी जुबानी जंग को लेकर चर्चा में हैं। दोनों के बीच की सालों पुरानी बहस एक बार फिर तब शुरू हो गई जब नई दिल्ली में आयोजित एक महिला सम्मेलन में तापसी पन्नू से कंगना रनौत के साथ उनके संबंधों को लेकर सवाल पूछा गया। जिसके जवाब में तापसी ने कुछ ऐसा कह दिया कि शांत पड़ा सालों पुराना विवाद फिर शुरू हो गया।
ये भी पढ़ेंः ‘वंदे मातरम्’ पर शर्मिला टैगोर के बयान पर भड़कीं कंगना रनौत, बोलीं- ‘हिंदू-मुस्लिम वाली सोच से बाहर आएं’