भारत के पड़ोसी देश नेपाल में बुधवार को सुबह-सुबह अचानक आई बाढ़ ने पूरी तरह से तबाही ला दी है। नेपाल टूरिज्म बोर्ड के अनुसार, नेपाल के रसुवा इलाके में अचानक आई बाढ़ के बाद लापता हुए 291 विदेशी नागरिकों में कम से कम 105 भारतीय पर्यटक शामिल हैं। इसके साथ ही नेपाल के भी 93 नागरिकों के लापता होने की बात कही जा रही है।
नेपाल टूरिज्म बोर्ड ने बताया- “बुधवार की सुबह करीब 8:30 बजे रसुवा की भोटे कोशी नदी में अचानक आई बाढ़ के बाद, नेपाल टूरिज्म बोर्ड, टूरिस्ट पुलिस और पर्यटन से जुड़े लोग उन पर्यटकों और यात्रियों का पता लगाने और उनकी सुरक्षा की स्थिति जानने की कोशिश कर रहे हैं जो प्रभावित इलाकों में थे या वहां से गुजर रहे थे। पर्यटन और यात्रा कंपनियों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, प्रभावित इलाकों से 384 यात्रियों के लापता होने की खबर है, जिनमें 291 विदेशी और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं। इस जानकारी की पुष्टि और जांच-पड़ताल ट्रैवल एजेंसियों, गाइडों, स्थानीय अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर की जा रही है।”
नेपाल टूरिज्म बोर्ड का नोटिफिकेशन।
हेल्पलाइन नंबर हुआ जारी
- टोल-फ्री इमरजेंसी नंबर- 1234
- हॉटलाइन नंबर: 1144
- टूरिस्ट पुलिस: 9851289445