NDA में शामिल SBSP के चीफ ओम प्रकाश राजभर ने आज (बुधवार को) आर्थिक आधार पर रिजर्वेशन की वकालत की। राजभर ने कहा कि जो लोग पहले ही उच्च पदों पर पहुंच चुके हैं, वे कोटा का लाभ लेते रहकर गरीबों का हक मारते हैं। ओपी राजभर से पहले, उनके बेटे और SBSP के नेशनल सेक्रेटरी अरविंद राजभर ने भी कहा था कि रिजर्वेशन आर्थिक आधार पर दिया जाना चाहिए।
जो राष्ट्रपति बन गया उसे आरक्षण की जरूरत नहीं
ओपी राजभर ने कहा, “जो शख्स DM, SP, IG, DIG, DGP, गवर्नर, मुख्यमंत्री या राष्ट्रपति बन गया है, उसे रिजर्वेशन की जरूरत नहीं है।” उन्होंने आगे कहा कि डॉ. बी.आर. अंबेडकर ने जो रिजर्वेशन व्यवस्था सोची थी, उसका उद्देश्य गरीबों और वंचितों को ऊपर उठाना और जो लोग पीछे छूट गए हैं, उन्हें मेन स्ट्रीम में लाना था।
जिन्हें पहले ही रिजर्वेशन का लाभ मिल चुका है, वे पूरे परिवार के साथ इसका लाभ उठा रहे हैं, जबकि गरीब लोग इससे वंचित रह जा रहे हैं: ओपी राजभर
राजभर ने की रिजर्वेशन कैटेगरी में उप-वर्गीकरण की वकालत
रिजर्वेशन कैटेगरी में उप-वर्गीकरण पर सुप्रीम कोर्ट की हालिया टिप्पणियों का जिक्र करते हुए ओपी राजभर ने कहा कि हरियाणा ने भी “कोटे के भीतर कोटा” सिस्टम लागू किया है।
सपा सरकार बने तो मुस्लिम को बनाया जाए CM
वहीं, मंत्री राजभर ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को यह ऐलान करने की चुनौती भी दी कि अगर सपा की सरकार बनती है तो किसी मुस्लिम को यूपी का मुख्यमंत्री बनाया जाएगा, क्योंकि उनके चाचा शिवपाल यादव ने हाल में घोषणा की थी कि जेल में बंद पार्टी नेता मोहम्मद आजम खान को गृह मंत्री बनाया जाएगा।
मुस्लिमों ने सपा का 4 बार मुख्यमंत्री बनाया
उन्होंने कहा, “जिन मुस्लिमों ने अखिलेश यादव और उनके पिता को 4 बार यूपी का मुख्यमंत्री बनाया, उन्हें अब यह बताया जाना चाहिए कि अगला मुख्यमंत्री एक मुसलमान होगा।”
2022 में सपा संग गठबंधन करके चुनाव लड़ी थी SBSP
गौरतलब है कि 2022 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव राजभर की पार्टी SBSP और समाजवादी पार्टी ने गठबंधन में लड़ा था। हालांकि, बाद में राजभर, BJP के नेतृत्व वाले NDA के साथ गठबंधन में चले गए और मंत्री बन गए। इससे पहले, ओपी राजभर ने सपा प्रमुख पर निशाना साधते हुए कहा था कि PDA यानी पीट देगा अशफाक, अखिलेश आपको कुर्मी समाज से इतनी चिढ़ क्यों है।
(इनपुट- PTI)
ये भी पढ़ें- ‘क्या आप भी हाईकोर्ट के ख़िलाफ़ खड़े होंगे? मन की बात कहिए’, हिजाब पर अखिलेश यादव से राजभर ने किया सवाल