प्याज की बढ़ती कीमतों से परेशान दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने बफर स्टॉक से प्याज की बिक्री शुरू कर दी है। दिल्ली-एनसीआर में सरकारी प्याज ₹35 प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार का यह कदम बाजार में बढ़ती कीमतों को कंट्रोल करने और आम लोगों को सस्ता प्याज उपलब्ध कराने के लिए उठाया गया है।
दिल्ली में किन-किन स्थानों पर मिल रहा है सस्ता प्याज?
केंद्र सरकार ने दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल वैन और फिक्स्ड रिटेल आउटलेट्स के जरिए प्याज पहुंचाने की विस्तृत योजना तैयार की है।
प्रमुख रिटेल आउटलेट्स और स्टोर्स:
- केंद्रीय भंडार: दिल्ली भर में स्थित लगभग 100 केंद्रीय भंडार स्टोर पर सस्ता प्याज उपलब्ध है।
- NCCF व NAFED आउटलेट्स: NCCF के 9 से 15 रिटेल काउंटर और NAFED के 13 आउटलेट्स पर यह सुविधा दी जा रही है।
- सफल (Safal) स्टोर: मदर डेयरी के सफल आउटलेट्स के जरिए भी इसे बेचा जा रहा है।
2. मोबाइल वैन के प्रमुख लोकेशन:
मंत्रालय द्वारा जारी सूची के अनुसार, दिल्ली के प्रमुख क्षेत्रों में मोबाइल वैन तैनात की गई हैं। इनमें शामिल हैं- कृषि भवन, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, एफसीआई बाराखंबा रोड, शास्त्री भवन, पंडारा पार्क, लाजपत नगर, कालकाजी, सीआर पार्क, आईएनए मार्केट, आश्रम, किदवई नगर, भीकाजी कामा प्लेस, जंगपुरा, मयूर विहार, रोहिणी सेक्टर-22, नरेला, अलीपुर, शालीमार बाग, वजीरपुर, मॉडल टाउन, विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन, नजफगढ़ बस स्टैंड, कीर्ति नगर, नांगलोई, टिकरी बॉर्डर, बवाना और लोकनायक पुरम।
दिल्ली-NCR में भी मिलेगी सस्ती प्याज
सिर्फ दिल्ली ही नहीं, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी कुछ स्थानों पर ₹35 किलो की दर से प्याज बेचने की व्यवस्था की गई है। सरकार के अनुसार दिल्ली-NCR में खुदरा दुकानों और मोबाइल वितरण केंद्रों के माध्यम से बफर स्टॉक का प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है।
दिल्ली पहुंची प्याज की बड़ी खेप
महाराष्ट्र के नासिक जिले स्थित एशिया की सबसे बड़ी प्याज थोक मंडी लासलगांव से करीब 450 टन प्याज लेकर चली विशेष मालगाड़ी अब दिल्ली पहुंच गई है। ‘कांदा एक्सप्रेस’ नाम से चलाई गई यह ट्रेन प्याज की खेप लेकर शुक्रवार सुबह दिल्ली के आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पहुंची। 21 डिब्बों वाली इस विशेष मालगाड़ी को बुधवार दोपहर प्याज लोड करने के बाद करीब 3:10 बजे लासलगांव से दिल्ली के लिए रवाना किया गया था। सरकार ने दिल्ली में प्याज की उपलब्धता बढ़ाने और बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण के लिए इस विशेष ट्रेन की व्यवस्था की थी।
यह भी पढ़ें- प्याज की बड़ी खेप लेकर दिल्ली पहुंची ‘कांदा एक्सप्रेस’, 35 रुपये प्रति किलो खरीदने को रहें तैयार