बिलासपुरः छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मामूली विवाद ने देखते ही देखते सांप्रदायिक तनाव का रूप ले लिया। कोतवाली क्षेत्र के मसानगंज इलाके में दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते जमकर पथराव शुरू हो गया। हालात इस कदर बिगड़े कि भीड़ को नियंत्रित करने पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।

पथराव में कई लोग घायल, भारी फोर्स तैनात

घटना की सूचना मिलते ही एसपी रजनीश सिंह और कलेक्टर संजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे और देर रात तक स्थिति पर नजर बनाए रखी। पथराव में दोनों पक्षों के 50 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना है। तनाव को देखते हुए बिलासपुर जिले का अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। वहीं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए दूसरे जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पूरी रात पेट्रोलिंग की गई। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

सोशल मीडिया की लड़ाई सड़क पर आई

जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक कमेंट को लेकर हुई। आरोप है कि एक धर्म विशेष से जुड़े कुछ युवकों की ओर से गौवंश को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। इसके बाद हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों में नाराजगी थी। इसी बीच मसानगंज क्षेत्र से हिंदू संगठन से जुड़े चार युवक गुजर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान एक धर्म से जुड़े कुछ लोगों ने इन चार युवकों को रोक लिया। आरोप है कि सोहेल खान समेत कुछ युवकों ने अक्षत सिंह और उसके एक साथी के साथ मारपीट की।

मौके पर पहुंचे डीएम और एसपी

घटना के बाद युवकों ने इसकी जानकारी हिंदू संगठन से जुड़े लोगों को दी। मारपीट की जानकारी फैलने के बाद हिंदू संगठन से जुड़े लोग बड़ी संख्या में मसानगंज क्षेत्र में पहुंच गए। इसके दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर जमा हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसपी रजनीश सिंह और कलेक्टर संजय अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल पर मौजूद रहकर पुलिस अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली और हालात को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। 

पूरे इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पथराव में घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। तनाव को देखते हुए बिलासपुर जिले के अलग-अलग थानों से पुलिस बल बुलाकर संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया। इसके अलावा दूसरे जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल मंगाया गया। पूरी रात क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बना रहा। 

रिपोर्ट- सिंकदर खान

ये भी पढ़ेंः होम थिएटर में बम रखकर दिया शादी का तोहफा, धमाके में गई 2 की जान, आरोपी प्रेमी को उम्रकैद की सजा





Source link

Write A Comment