कोलकाता:पश्चिम बंगाल की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली प्रेसिडेंसी जेल से एक बार फिर ऐसा मामला सामने आया है कि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। साल 2002 में कोलकाता स्थित अमेरिकन सेंटर पर हुए आतंकी हमले के मुख्य साजिशकर्ता (मास्टरमाइंड) आतंकवादी आफताब अंसारी की जेल सेल से आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की बड़ी खेप बरामद की गई है। इस घटना के बाद जेल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला।
सेल से क्या-क्या बरामद हुआ?
जेल प्रशासन द्वारा चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान आफताब अंसारी के पास से उच्च स्तार के संचार उपकरण बरामद हुए। जिनमें नीचे दी गई चीजें शामिल हैं।
- 1 Apple iPhone (आईफ़ोन)
- 1 जोड़ी अन्य स्मार्टफ़ोन
- 2 Wi-Fi राउटर
- 1 कार्ड रीडर
- 1 पेन ड्राइव
आफताब अंसारी के पास से OTG केबल एवं OTG एडॉप्टर भी मिला है। इतने सारे हाई-टेक गैजेट्स का मिलना इस बात की ओर इशारा है कि हाई-सिक्योरिटी बैरक में बंद यह खतरनाक कैदी बाहरी दुनिया के संपर्क में भी बना हुआ था।
किससे बात कर रहा था आफताब?
आफताब से मिले गैजेट्स के बाद अब यह बड़ा सवाल उठ खड़ा हुआ है कि आखिरी सलाखों के पीछे से आफताब किन लोगों के संपर्क में था? पाकिस्तान या अन्य विदेशी आकाओं के संपर्क में था या किसी नए नेटवर्क को अंजाम देने में लगा था? गौरतलब है कि इससे पहले भी अंसारी पर पाकिस्तान के कराची में अपनी पत्नी से जेल के अंदर से बातचीत करने के आरोप लगे हैं।
आफताब ने कई संगीन अपराधों को दिया है अंजाम
आफताब पर 2002 में अमेरिकन सेंटर पर हमले का आरोप ही नहीं है इसके अलावा भी कई संगीन अपराध अंसारी ने किए हैं। मशहूर खादिम शू कंपनी के मालिक पार्थ रॉय बर्मन के अपहरण कांड और गुजरात में अवैध हथियारों की बड़े पैमाने पर तस्करी के आरोप भी इस पर लगे हैं।
हेस्टिंग्स थाने में FIR दर्ज, जांच शुरू
आफताब अंसारी के पास से उच्च स्तार के संचार उपकरण मिलने के बाद कल देर रात बंगाल की राजधानी कोलकाता के हेस्टिंग्स पुलिस थाने में आफताब और उपकरणों की तस्करी में शामिल संभावित मददगारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई है। पुलिस और एजेंसियों के द्वारा सख्ती से जांच शुरू कर दी गई है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि किसी अंदरूनी कर्मचारी की तो इस मामले में संलिप्तता नहीं है।
ये भी पढ़ें-
TMC दफ्तर में झड़प के बाद एक्शन, अभिषेक बनर्जी और डेरेक समेत कई के खिलाफ FIR दर्ज; 13 लोग गिरफ्तार