Coriander Tomato Chutney: कभी-कभी खाने के साथ बस एक कटोरी चटनी पूरी थाली का स्वाद बदल देती है. अगर आपके घर में भी टमाटर की चटनी खूब पसंद की जाती है, तो इस बार इसमें धनिया पत्ती का ट्विस्ट जरूर आजमाएं. धनिया-टमाटर की यह चटनी स्वाद में खट्टी, तीखी और खुशबूदार होती है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री या घंटों की मेहनत की जरूरत नहीं पड़ती. टमाटर, हरी मिर्च, लहसुन और धनिया जैसी रोजमर्रा की चीजों से यह चटनी तैयार हो जाती है.
गरमा-गरम चावल और घी के साथ इसका स्वाद अलग ही लगता है. वहीं इडली, डोसा, वड़ा और उपमा के साथ भी यह बढ़िया संगत बन जाती है. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
धनिया-टमाटर की चटनी के लिए सामग्री
इस चटनी को बनाने के लिए आपको आधा किलो टमाटर, एक छोटा गुच्छा हरा धनिया, 12 हरी मिर्च, 2 चम्मच उड़द दाल, 5 लहसुन की कलियां, आधा चम्मच जीरा, थोड़ी सी इमली, एक चुटकी हल्दी, स्वादानुसार नमक और जरूरत के मुताबिक तेल चाहिए. हरी मिर्च की मात्रा आप अपने स्वाद के हिसाब से कम या ज्यादा कर सकते हैं.
टमाटर और धनिया की तैयारी
सबसे पहले टमाटरों को अच्छी तरह धोकर थोड़े बड़े टुकड़ों में काट लें. धनिया पत्ती को भी साफ पानी से धोकर काट लें. इसे बहुत बारीक काटने की जरूरत नहीं है. चटनी को पीसते समय वैसे भी सब अच्छी तरह मिल जाएगा. अब गैस पर एक पैन रखें और उसमें थोड़ा तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर उड़द दाल डालकर सुनहरा होने तक भूनें. इसे निकालकर मिक्सर जार में रख दें. इसी पैन में कटी हुई हरी मिर्च डालें और कुछ देर भूनने के बाद इसे भी मिक्सर जार में निकाल लें.
ऐसे तैयार होगा चटनी का असली स्वाद
अब उसी पैन में धनिया पत्ती डालकर मध्यम आंच पर भूनें. धनिया की कच्ची महक खत्म होकर जब अच्छी खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें. इसे प्लेट में निकालकर थोड़ा ठंडा होने दें. अगर पैन में तेल कम हो, तो जरूरत के अनुसार थोड़ा तेल और डाल सकते हैं. इसके बाद पैन में टमाटर डालें. एक चुटकी हल्दी और थोड़ा तेल डालकर अच्छी तरह मिलाएं. पैन को ढककर मध्यम आंच पर टमाटर को नरम होने तक पकाएं. बीच-बीच में ढक्कन हटाकर टमाटर चलाते रहें, ताकि वे नीचे चिपकें नहीं. जब टमाटर पूरी तरह गल जाएं, तो गैस बंद कर दें और उन्हें ठंडा होने दें.
अब मिक्सर में डालें सारी सामग्री
सबसे पहले भुनी हुई उड़द दाल और हरी मिर्च को मिक्सर जार में डालें. इसमें लहसुन, जीरा, इमली और नमक डालकर एक बार पीस लें. इसके बाद ठंडे किए हुए टमाटर और भुना हुआ धनिया डालें. अब इसे बहुत ज्यादा बारीक पीसने के बजाय थोड़ा दरदरा पीसें. दरदरी चटनी में सामग्री का स्वाद और बनावट दोनों बेहतर महसूस होते हैं.
तड़का लगाएंगे तो स्वाद और बढ़ जाएगा
चटनी तैयार होने के बाद चाहें तो इसमें राई, उड़द दाल, सूखी लाल मिर्च और करी पत्ते का तड़का लगा सकते हैं. तड़के की खुशबू आते ही चटनी का स्वाद और निखर जाता है. इसे गरमा-गरम चावल में थोड़ा घी डालकर खाएं या फिर इडली, डोसा, वड़ा और उपमा के साथ परोसें. आम टमाटर की चटनी से अलग इसमें धनिया की ताजी खुशबू और भुने मसालों का स्वाद मिलता है. यही छोटी-सी चीज इसे रोज की चटनी से थोड़ा अलग बना देती है. घर में टमाटर और धनिया मौजूद हैं, तो अगली बार इसे जरूर आजमाकर देखें.