सीतापुर: यूपी के सीतापुर के थानागांव क्षेत्र के राजपुर क्योटाना गांव निवासी संदीप की पत्नी कमली ने मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे रेउसा सीएचसी में एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। प्रसव के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। महिला ने एक बेटी और 3 बेटों को जन्म दिया। यहां एक और कमाल की बात ये है कि महिला पहले से भी 4 बच्चों की मां है। यानी अब वह कुल 8 बच्चों की मां बन गई है। परिवार बड़ा होने से बधाई देने वाले घर पर पहुंच रहे हैं।
परिवार में बधाई देने वालों का तांता लगा
एक साथ चार बच्चों के जन्म की खबर क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा है। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह प्रसव पीड़िता कमली को अचानक प्रसव पीड़ा हुई। परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेउसा लेकर पहुंचे। यहां स्टाफ नर्स सीमा ने कुशलतापूर्वक प्रसव कराया।
चिकित्सकीय स्थिति को देखते हुए महिला की जान बचाने के लिए समय से पहले प्रसव कराया गया। प्रसव के बाद महिला और चारों नवजातों की चिकित्सकों ने जांच की। चार बच्चों के एक साथ जन्म लेने के कारण नवजातों को विशेष चिकित्सकीय निगरानी की जरूरत थी।
बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार और निगरानी के लिए चारों नवजातों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में बच्चों का उपचार किया जा रहा है। वहीं प्रसूता कमली की हालत पर भी चिकित्सकीय टीम नजर बनाए हुए है।
मंगलवार को एक साथ चार और बच्चों के जन्म के बाद परिवार में बच्चों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। एक साथ चार बच्चों के जन्म की जानकारी मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में लोग परिवार का हाल जानने पहुंचने लगे।
परिवार के लोगों ने बताया कि चार बच्चों के जन्म से घर में खुशी का माहौल है। हालांकि नवजातों को जिला अस्पताल रेफर किए जाने के कारण परिजन उनकी सेहत को लेकर चिंतित भी हैं। फिलहाल चारों नवजात चिकित्सकीय निगरानी में हैं। ग्रामीणों और परिचितों ने परिवार को चार बच्चों के जन्म पर बधाई दी है।
इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई से एक ऐसा ही मामला सामने आया था। हालांकि यहां एक महिला ने एक जैसी दिखने वाली 4 बच्चियों को जन्म दिया था। (रिपोर्ट- सीतापुर से मोहित मिश्रा)
ये भी पढ़ें-