राम मंदिर में आखिरकार पहले CEO की नियुक्ति कर दी गई है। रिटायर्ड एयर मार्शल जितेन्द्र मिश्रा को राम मंदिर का पहला CEO बनाया गया है। बुधवार को राम मंदिर ट्रस्ट की मीटिंग में ये फैसला किया गया है। CEO सर्च कमेटी ने तीन नाम ट्रस्ट को दिए थे। इसके साथ साथ तीन नामों की एक सप्लीमेंट्री लिस्ट भी दी थी, इन सब नामों पर विचार हुआ और आखिर में ट्रस्ट ने आम सहमति से रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नाम पर मुहर लगाई। राम मंदिर के पहले CEO एयर मार्शल जितेन्द्र मिश्रा ने कहा कि ये सब प्रभु राम की कृपा से हुआ है। पहले फौज में रहकर देश की सेवा कर रहे थे। अब रामलला की सेवा करेंगे। हालांकि, दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी ने जितेन्द्र मिश्रा को CEO बनाए जाने पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

‘RSS और बीजेपी ने एक फौजी को फंसा दिया’

रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO बनाए जाने के फैसले पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने कहा है कि RSS और बीजेपी ने एक फौजी को उस काम में फंसा दिया है जो साधु संतों का होता है। इमरान मसूद ने कहा- “यह काम साधु-संतों का है। अब एक एयर मार्शल, जो हवाई जहाज उड़ाते हैं, RSS के जाल में फंस गए हैं। क्या उन्हें भी आखिर में बेइज्जत करके निकाल दिया जाएगा? यह कैसा तमाशा है? मंदिर का काम मंदिर से जुड़े लोगों पर ही छोड़ देना चाहिए। अब जब RSS को राम मंदिर प्रोजेक्ट में पैसा नजर आ रहा है, तो वे लालच भरी नजरों से इसे देख रहे हैं।”

यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय नई नियुक्तियों को पुराने पाप पर लीपापोती की कोशिश बता रहे हैं। अजय राय ने राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े सभी पुराने लोगों को चोर बताया और कहा कि अगर नए CEO में हिम्मत है तो चढ़ावा चोरी करने वालों पर एक्शन लेकर दिखाएं

कौन हैं जितेन्द्र मिश्रा?

43 साल तक एयरफोर्स में सर्विस देने वाले रिटायर्ड एयर मार्शल जितेन्द्र मिश्रा यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वेस्टर्न कमांड के चीफ के तौर पर उन्होंने बेहद कुशलता पूर्वक युद्ध का संचालन किया और जब पीएम मोदी आदमपुर बेस पहुंचे तो जितेन्द्र मिश्रा ने ही उन्हें ऑपरेशन की बारीकियां बताईं। अपनी नियुक्ति को  जितेन्द्र मिश्रा ने प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद बताया है और कहा है कि बतौर सीईओ वो बेहद सकारात्मक तरीके से व्यवस्थाओं को चलाएंगे।





Source link

Write A Comment