Kala Chana Chaat Recipe By Chef Kunal Kapur- : अगर आप सुबह की भागदौड़ में कुछ ऐसा झटपट बनाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद हो, तो यह रेसिपी आपके लिए है. मशहूर सेलिब्रिटी शेफ कुणाल कपूर ने एक ऐसी हेल्दी और टेस्टी रेसिपी शेयर की है, जो आपका दिन बना देगी. शेफ कुणाल कपूर ने अपने इंस्टाग्राम पर काला चना चाट (Kala Chana Chaat) की एक आसान और पौष्टिक रेसिपी शेयर की है. आइए जानते हैं इसे घर पर आसानी से बनाने का तरीका.
काला चना चाट (Kala Chana Chaat)
इस डिश के बारे में बात करते हुए शेफ ने कैप्शन में लिखा, “गर्म चने की चाट का एक कटोरा सबसे सरल रूप में सुकून देता है. सेहतमंद छोले, ताजी सब्जियां, नींबू का रस और सही मसाले मिलकर एक ऐसा स्नैक बनाते हैं जो पेट भरने वाला, पौष्टिक और स्वाद से भरपूर होता है. उन दिनों के लिए बिल्कुल परफेक्ट जब आप कुछ झटपट, हेल्दी और मन को तृप्त करने वाला खाना चाहते हैं.”
काला चना चाट के लिए सामग्री (Ingredients)
मुख्य सामग्री:
तेल: 2 बड़े चम्मच
हींग: आधी छोटी चम्मच
अदरक: 2 छोटी चम्मच (बारीक कटा हुआ)
हरी मिर्च: 2 (बारीक कटी हुई)
हल्दी पाउडर: आधी छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर: डेढ़ छोटी चम्मच
धनिया पाउडर: 1 छोटी चम्मच
काला चना: 2 कप (उबला हुआ)
कसूरी मेथी: एक चुटकी
नमक: स्वानुसार
पानी: आधा कप
सर्विंग के लिए (ऊपर से मिलाने के लिए):
प्याज: एक तिहाई कप (बारीक कटा हुआ)
आलू: एक तिहाई कप (उबले और कटे हुए)
टमाटर: एक तिहाई कप (बारीक कटा हुआ)
ककड़ी (खीरा): एक तिहाई कप (बारीक कटा हुआ)
सादा नमक: स्वानुसार
काला नमक: आधी छोटी चम्मच
भुना जीरा पाउडर: आधी छोटी चम्मच
चाट मसाला: 2 छोटी चम्मच
ताजा हरा धनिया: एक मुट्ठी (कटा हुआ)
नींबू: 1 छोटा
बनाने की आसान विधि (Step-by-Step Method)
चना और आलू तैयार करें: सबसे पहले काले चने को रातभर भिगोकर रख लें और अगले दिन उबालकर अलग रख लें. साथ ही, आलू को उबालकर छील लें और छोटे टुकड़ों में काट कर रख लें.
मसाले भूनें: अब एक पैन को गैस पर गर्म करें और उसमें तेल डालें. जब तेल गर्म हो जाए, तो इसमें हींग, बारीक कटा अदरक और हरी मिर्च डालें. मसालों को थोड़ा चटकने दें, फिर इसमें हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालकर तुरंत एक बार चलाएं.
चना पकाएं: इसके बाद पैन में उबले हुए चने डालें. इसे अच्छे से भून लें और फिर इसमें कसूरी मेथी, नमक और आधा कप पानी मिला दें. इसे तब तक चलाते रहें जब तक कि पानी पूरी तरह से सूख न जाए.
बाकी चीजें मिलाएं: अब भुने हुए चने को एक बड़े बर्तन या प्लेट में निकाल लें. इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, उबले हुए आलू के टुकड़े, बारीक कटे टमाटर, ककड़ी, सादा नमक, काला नमक, भुना जीरा पाउडर, चाट मसाला और हरा धनिया डालें.
अंत में इसके ऊपर एक छोटे नींबू का रस निचोड़ें और सभी चीजों को चम्मच की मदद से अच्छी तरह मिला लें. आपकी चटपटी और प्रोटीन से भरपूर काला चना चाट बनकर तैयार है. इसे बाउल में निकालें और गर्मागर्म सर्व करें!