ओटीटी रियलिटी शो ‘द ट्रेटर सीजन 2’ के फिनाले तक रोमांच बना रहा। 10 एपिसोड तक चले इस खेल में विश्वास, रणनीति, धोखे और लगातार बदलते समीकरणों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। ट्रेटर और इनोसेंट के बीच की जंग में किसकी जीत हुई है, ये आज साफ हो गया है। मल्लिका शेरावत, साहिल सलाथिया, शालिनी पासी, रिदा थराना, दलीप ताहिल और क्रिस्टल डिसूजा ने फिनाले में जगह बनाई थी, लेकिन जीत का सहरा ट्रेटर्स के नाम सजा। रिदा और क्रिस्टल डिसूजा ने जीत दर्ज की है। बता दें, करण जौहर ने पहले क्रिस्टल के खेल की तारीफ की थी, वो बिना शक के घरे में आए लगातार इनोसेंट्स को मात दे रही थीं।
क्रिस्टल और रिदा ने किया हर पड़ाव पार
रियलिटी कॉम्पिटिशन शो ‘द ट्रेटर सीजन 2’ ने अपने पूरे सफर में दर्शकों को लगातार रोमांचित किया। शो में बदलते गठजोड़, रणनीतियां और अचानक होने वाले एलिमिनेशन ने खेल को हर एपिसोड के साथ और मुश्किल बना दिया। करण जौहर द्वारा होस्ट किए जा रहे इस सीजन में क्रिस्टल डिसूजा और रिदा थराना ने जीत दर्ज की। दोनों ने मुश्किल परिस्थितियों और लगातार बदलते गेम के बीच अपनी रणनीति को मजबूत बनाए रखा और आखिरकार खिताब अपने नाम कर लिया। शो में ट्रेटर्स और इनोसेंट्स के बीच चलने वाली जंग का अंतिम परिणाम ट्रेटर्स के पक्ष में रहा।
आप कहां देखा सकते हैं फिनाले?
‘द ट्रेटर सीजन 2’ का दसवां और आखिरी एपिसोड 3 सितंबर 2026 को रात 8 बजे प्राइम वीडियो पर रेंट स्ट्रीम कर दिया गया है। फिनाले में बचे हुए खिलाड़ियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती ट्रेटर्स की पहचान करना और खुद को एलिमिनेशन से बचाना था। पूरे सीजन के दौरान जिन रहस्यों और रणनीतियों ने दर्शकों को उलझाए रखा, उनमें से कई का खुलासा अंतिम एपिसोड में हुआ।
शाहनील गिल के एलिमिनेशन ने बदला गेम
हाल के एपिसोड्स में खेल का सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब शाहनील गिल की पहचान ट्रेटर के रूप में उजागर हुई और उन्हें गेम से बाहर कर दिया गया। वह सीजन की तीसरी ट्रेटर थीं, जिन्हें बाहर का रास्ता दिखाया गया। इससे पहले हरमन सिंघा और आदित्य कुलश्रेष्ठ, जिन्हें शो में कुल्लू के नाम से भी जाना जाता है, ट्रेटर के तौर पर एलिमिनेट हो चुके थे। शाहनील के बाहर होने के बाद क्रिस्टल डिसूजा को अपनी टीम में एक नए सदस्य को शामिल करने का मौका मिला। उन्होंने रिदा थराना को ट्रेटर्स के कैंप में शामिल होने का प्रस्ताव दिया। रिदा ने इस ऑफर को स्वीकार कर लिया और इसके बाद दोनों ने मिलकर गेम को आगे बढ़ाया।
फिनाले तक कौन-कौन पहुंचा?
फिनाले के करीब पहुंचने वाले खिलाड़ियों में मल्लिका शेरावत, दलीप ताहिल, शालिनी पासी और साहिल सलाथिया भी शामिल रहे। इन खिलाड़ियों को लगातार यह समझने की कोशिश करनी पड़ी कि उनके बीच मौजूद ट्रेटर्स कौन हैं और किस पर भरोसा किया जा सकता है।
पहले बाहर हुए थे ये कंटेस्टेंट
श्वेता तिवारी भी कुछ एपिसोड पहले ही शो से बाहर हो गईं। वहीं रिया चक्रवर्ती को ‘सर्कल ऑफ शक’ नाम की चुनौती के बाद एलिमिनेशन का सामना करना पड़ा। एक के बाद एक मजबूत खिलाड़ियों के बाहर होने से फिनाले की रेस और भी दिलचस्प होती चली गई। मुनव्वर फारूकी, अभिषेक मल्हान, हरमन, प्रिश और पारुल गुलाटी जैसे कंटेस्टेंट पहले ही बाहर हो चुके थे।
ये भी पढ़ें: ‘ये जयचंद मेरी हत्या कराएगा’, ‘भोजपुरी बवाल’ में तेज प्रताप यादव का सनसनीखेज दावा, पल-पल सता रहा डर