सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने पीडीए का नया फुल फॉर्म बताया है। उन्होंने इसे यूपी विधानसभा चुनाव के नतीजों से जोड़ते हुए कहा कि 2017 और 2022 के बाद 2027 में भी समाजवादी पार्टी की हार होने वाली है। राजभर इससे पहले भी पीडीए के अलग-अलग फुल फॉर्म बता चुके हैं। समाजवादी पार्टी ने पीडीए का नारा दिया था। इसमें पीडीए का फुल फॉर्म पिछड़ा, दलित अल्पसंख्यक बताया गया था। हालांकि, सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी पीडीए के अलग-अलग मतलब बताते रहे हैं। एक मौके पर उन्होंने कहा था कि पीडीए में पीडी का मतलब पंडित से है। यूपी में अगले साल चुनाव होने हैं, लेकिन सभी पार्टियां अभी से चुनावी मूड में आ चुकी हैं।
ओपी राजभर ने क्या कहा?
ओपी राजभर अंबेडकरनगर पहुंचे थे। वह इस जिले के प्रभारी मंत्री हैं। यहां पर उन्होंने पीडीए का नया फुल फॉर्म बताते हुए सपा पर हमला किया और दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की हार होने वाली है। ओपी राजभर के अनुसार पीडीए का मतलब-
पी- पहली हार (2017 विधानसभा चुनाव की हार)
डी- दूसरी हार (2022 विधानसभा चुनाव की हार)
ए- आने वाली हार (2027 विधानसभा चुनाव में हार का दावा)
पहले भी बयान दे चुके हैं राजभर
ओपी राजभर इससे पहले भी पीडीए के अलग-अलग मतलब बता चुके हैं। उन्होंने सपा पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए पीडीए का फुल फॉर्म (परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी) बताया था। सपा के लोग भी अपनी सुविधा के हिसाब से इसके मतलब बदलते रहे हैं। कुछ मौकों पर ए का मतलब अगड़ा और आदिवासी बताया गया था। इस पर चुटकी लेते हुए राजभर ने कहा था कि कहीं कहीं भविष्य में ए का मतलब ‘आतंकवादी’ न बता दें। राजभर ने एक मौके पर पीडीए का फुल फॉर्म (पीट देगा अहीर या पीट देगा अल्पसंख्यक) भी बताया था। वह इसका फुल फॉर्म ‘पार्टी फॉर डिंपल एंड अखिलेश’ भी बता चुके हैं।
सपा के साथ गठबंधन में लड़ा था 2022 का चुनाव
ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने 2022 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव गठबंधन में लड़ा था। हालांकि, उनके गठबंधन को हार मिली थी। समजवादी पार्टी ने 111 सीटें जीती थीं और सुभासपा को सिर्फ 6 सीटों के साथ संतोष करना पड़ा था। हालांकि, नतीजे आने के बाद राजभर ने पाला बदला और एनडीए में शामिल हो गए, उन्हें मंत्री भी बना दिया गया। अब वह लगातार सपा पर हमलावर रहे हैं और अगले चुनाव में भी सपा की हार का दावा कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें-
सपा-कांग्रेस मिलकर लड़ेंगे यूपी चुनाव, अखिलेश बनेंगे सीएम! चाचा शिवपाल ने की भविष्यवाणी