पराठा, रोटी या फिर साग में सफेद मक्खन बहुत टेस्टी लगता है। सफेद मक्खन बाजार में मिलने वाले प्रोसेस्ड बटर से कहीं ज्यादा टेस्टी लगता है। कई जगहों पर होटल या ढाबे में पराठे के साथ सफेद मक्खन सर्व किया जाता है। घर में मलाई या दही से भी आप सफेद मक्खन बना सकते हैं। जन्माष्टमी के दिन कान्हा को सफेद मक्खन और मिश्री से भोग लगा सकते हैं। इसके लिए आपको बहुत ज्यादा दही या मलाई की जरूरत नहीं पड़ेगी। सिर्फ ताजा 1 दिन की मलाई से ही सफेद मक्खन निकाल सकते हैं। आइये जानते हैं मलाई और दही से मक्खन कैसे निकालें।
मलाई से मक्खन कैसे निकालें
सबसे पहले आपको दूध की मोटी मलाई निकालनी है। इसके लिए दूध को अच्छी तरह से उबाल लें और थोड़ी देर धीमी आंच पर दूध को पकने दें। अब दूध को ठंडा होने के बाद बिना हिलाए फ्रिज में स्टोर कर दें। 1-2 घंटे में दूध पर मोटी मलाई पड़ जाएगी। इसे निकाल लें। अगर घर में पहले से मलाई स्टोर है तो उसका भी इस्तेमाल कर सकते हैं। अब मलाई को मिक्सी में डालकर ठंडा पानी या बर्फ डालें। अब मलाई को कुछ देर चलाते रहें, थोड़ी देर में ही मक्खन ऊपर आ जाएगा।
दही से मक्खन कैसे निकालें
आपको इसके लिए मलाई वाला दूध दही डालकर अच्छा गाढ़ा दही जमाना है। जमी हुई दही को ठंडा पानी डालते हुए मथनी की मदद से फेंटत रहें। दही को बीच-बीच में हिलाते हुए चलाएं। आप इसे मिक्सी में डालकर भी चला सकते हैं। ठंडा पानी डालते हुए कुछ ही देर में मक्खन निकल आएगा। इस मक्खन को 1-2 बार ठंडे पानी से धो लें। ताजा घर का बना सफेद मक्खन तैयार है।
सफेद मक्खन के फायदे
-
सफेद मक्खन कम प्रोसेस्ड होता है और इसमें नमक की मात्रा नहीं होती इसलिए इसे अच्छा माना जाता है।
-
सफेद मक्खन में नेचुरल फैट होता है जिससे आप ऊर्जावान रहते हैं। इसे बैलेंस डाइट के रूप में शामिल करें।
-
सफेद मक्खन में कई पोषक तत्व होते हैं खासतौर से विटामिन ए और डी की मात्रा है।
-
सफेद मक्खन रोग प्रतिरोधक क्षमता और स्वस्थ त्वचा को बनाए रखने में मदद करता है।
-
सफेद मक्खन में एराकिडोनिक एसिड होता है, जो दिमाग के विकास में मदद करता है।