How to Make Chicken Rice at Home: अगर आपको चिकन राइस खाना पसंद है और घर पर ही फाइव स्टार रेस्टोरेंट जैसा स्वाद लेना चाहते हैं, तो इसे बनाने का तरीका काफी आसान है. इसके लिए आपको चिकन, चावल और कुछ सामान्य मसालों की जरूरत होगी. खास बात यह है कि चिकन राइस में अंडा भी मिलाया जाता है, जिससे इसका स्वाद और बढ़ जाता है. सही तरीके से चिकन और चावल को मसालों के साथ फ्राई करने पर घर पर ही स्वादिष्ट चिकन राइस तैयार हो सकता है. आइए जानते हैं इसे बनाने की पूरी विधि.

लोकल 18 से बातचीत में श्रीजा चाइनीज फास्ट फूड एवं फैमली रेस्टोरेंट ढाबा पर चिकन राइस बनाने वाले आजम खान बताते हैं कि उनके यहां स्पेशल चिकन राइस तैयार किया जाता है. इसमें सिर्फ चिकन और चावल ही नहीं, बल्कि अंडा भी मिलाया जाता है. अंडा डालने से चिकन राइस का स्वाद और बढ़ जाता है, इसलिए इसे खाने वाले लोग काफी पसंद करते हैं. आजम खान के मुताबिक, उनके फास्ट फूड सेंटर पर चिकन राइस की मांग सुबह से शाम तक बनी रहती है. इसकी खास वजह यह है कि इसे पहले से बनाकर नहीं रखा जाता, बल्कि ग्राहकों के लिए ताजा-ताजा तैयार किया जाता है. ताजा बनने के कारण इसका स्वाद भी अच्छा रहता है और लोग इसे काफी पसंद करते हैं.

चिकन राइस बनाने की विधि
आजम खान बताते हैं कि अगर आप इसी तरह का चिकन राइस घर पर बनाना चाहते हैं तो इसका तरीका काफी आसान है. सबसे पहले चिकन को अच्छी तरह से उबाल लें. इसके बाद उबले हुए चिकन को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर अलग रख दें. अब चावल लें और उन्हें कुछ देर के लिए पानी में भिगोकर रख दें. चावल अच्छी तरह भीग जाएं तो उन्हें पानी से निकालकर गर्म पानी में उबाल लें. चावल पकने के बाद उन्हें छानकर अलग बर्तन में निकाल लें. ध्यान रखें कि चावल बहुत ज्यादा न गलें, क्योंकि इन्हें बाद में चिकन और मसालों के साथ कड़ाही में फ्राई भी करना है.

कड़ाही में ऐसे तैयार करें चिकन राइस
अब गैस पर कड़ाही रखें और उसे अच्छी तरह गर्म कर लें. कड़ाही गर्म होने के बाद इसमें थोड़ा सा रिफाइंड या सरसों का तेल डालें. तेल गर्म होने पर इसमें लहसुन, हरी मिर्च और जीरा डालकर तड़का लगाएं. जब लहसुन और मसालों की खुशबू आने लगे तो इसमें तैयार किया हुआ चिकन डाल दें.

चिकन को मसालों के साथ अच्छी तरह पकाएं. अगर आप अंडे वाला चिकन राइस बनाना चाहते हैं तो इसमें अंडा भी डालकर चिकन के साथ अच्छी तरह भून सकते हैं. अंडा और चिकन अच्छे से पक जाएं तो इसमें स्वाद के अनुसार नमक, चाट मसाला और हल्के मसाले डालकर अच्छी तरह मिला लें.

चावल डालकर 4 से 5 मिनट तक करें फ्राई

अब तैयार किए हुए उबले चावल कड़ाही में डाल दें. चावल को चिकन और मसालों के साथ अच्छी तरह मिलाते हुए करीब 4 से 5 मिनट तक फ्राई करें. इस दौरान चावल को बहुत ज्यादा न चलाएं, ताकि वह टूटे नहीं. 4 से 5 मिनट तक फ्राई करने के बाद आपका चिकन राइस तैयार हो जाएगा. आजम खान के मुताबिक, चिकन राइस में इस्तेमाल होने वाली सभी चीजों को सही मात्रा में डालकर अच्छी तरह फ्राई करने से इसका स्वाद काफी बेहतर आता है. तैयार चिकन राइस को कड़ाही से निकालकर प्लेट में रखें. इसके ऊपर बारीक कटा प्याज, हरा धनिया और थोड़ा सा चाट मसाला डाल दें. इससे इसका स्वाद और बढ़ जाता है.

एक बार खाएंगे तो बार-बार खाने का करेगा मन
श्रीजा चाइनीज फास्ट फूड सेंटर पर तैयार किया जाने वाला चिकन राइस अपने स्वाद की वजह से लोगों को काफी पसंद आता है. इसमें चिकन के साथ अंडा मिलाने से इसका स्वाद सामान्य चिकन राइस से थोड़ा अलग और बेहतर हो जाता है. यही वजह है कि इसे खाने वाले लोग दोबारा भी यहां पहुंचते हैं. अगर आप घर पर इसे बनाना चाहते हैं तो ऊपर बताई गई आसान विधि से चिकन राइस तैयार कर सकते हैं.

60 रुपये में मिलती है हाफ प्लेट
श्रीजा चाइनीज फास्ट फूड एवं फैमली रेस्टोरेंट ढाबा पर चिकन राइस 60 रुपये की हाफ प्लेट में मिलता है. यहां इसे सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक उपलब्ध कराया जाता है. खास बात यह है कि ग्राहकों को चिकन राइस ताजा बनाकर ही परोसा जाता है.



Source link

Write A Comment