राजस्थान में बांसवाड़ा के अरथूना इलाके के आजना गांव से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला के साथ भीड़ के बीच मारपीट और अमानवीय व्यवहार किए जाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष एक महिला को घेरकर उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। महिला के बाल काटकर उसे अपमानित किया गया। इसके बाद उसके कपड़े फाड़ दिए गए और भीड़ के सामने उसके साथ बेहद शर्मनाक व्यवहार किया गया।
कई लोग हिरासत में लिए गए
पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है और सात लोगों को हिरासत में लिया है। यह घटना 1 सितंबर को अर्थूना पुलिस स्टेशन इलाके के आजना गांव में हुई। गुरुवार को इस हमले का एक वीडियो सामने आया। वीडियो में महिला को नंगे पैर गांव में घुमाया जा रहा है और कथित तौर पर उसके साथ डंडों से मारपीट की जा रही है। यह भी आरोप है कि कुछ महिलाओं ने उसके कपड़े फाड़ दिए और उसे अर्धनग्न हालत में घुमाया। कई ग्रामीणों ने यह घटना देखी, जबकि कुछ ने अपने मोबाइल फोन पर वीडियो रिकॉर्ड किए।
पुलिस के अनुसार, महिला के पति और उसके रिश्तेदारों ने उस पर एक युवक के साथ घर छोड़ने का आरोप लगाया था। महिला ने पुलिस को बताया कि वह उस युवक के साथ मज़दूरी करने गई थी। उसने आरोप लगाया कि उसके पति और रिश्तेदारों ने उसके साथ मारपीट की, उसके बाल काटे, कपड़े फाड़े और सबके सामने उसे अपमानित किया। बाद में उसने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। अर्थूना स्टेशन हाउस ऑफिसर विनोद कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसका बयान दर्ज किया गया।
भीड़ ने बनाया वीडियो, किसी ने नहीं बचाया
घटना के दौरान महिला खुद को बचाने की कोशिश करती दिखाई देती है, लेकिन आसपास मौजूद भीड़ में से कई लोग इस पूरी घटना को देखते रहे। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है और घटना को लेकर लोगों में भी आक्रोश है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर महिला के साथ इस तरह की बर्बरता क्यों की गई? क्या किसी विवाद के चलते भीड़ ने कानून अपने हाथ में ले लिया? और अगर घटना सही है तो इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बावजूद महिला की मदद के लिए कोई आगे क्यों नहीं आया?
रिपोर्टः राजा सोनी
ये भी पढ़ेंः सरकारी अफसर ले रहा था 3 लाख रुपये की रिश्वत, ACB ने रंगे हाथों किया गिरफ्तार