कानपुर: साढ़ थाना क्षेत्र के हिरनी गांव में रविवार को बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। गांव में एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मकान के मलबे में एक ही परिवार के पांच सदस्य दब गए। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही साढ़ थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंची।

करीब दो घंटे तक चले राहत और बचाव अभियान के बाद मलबे में दबे सभी पांच लोगों को बाहर निकाल लिया गया। सभी को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने परिवार के चार सदस्यों को मृत घोषित कर दिया, जबकि हादसे में घायल 20 वर्षीय काजल को बेहतर उपचार के लिए कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है। डीसीपी ने हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत की पुष्टि की है।

अचानक भरभराकर गिरा मकान

जानकारी के मुताबिक, रविवार, 6 सितंबर 2026 को थाना साढ़ क्षेत्र के ग्राम हिरनी, ब्लॉक पतारा में मुकेश कुमार पुत्र दारा सिंह का कच्चा मकान अचानक गिर गया। हादसे के वक्त परिवार के सदस्य मकान के अंदर मौजूद थे। मकान के अचानक गिरने से सभी पांच लोग मलबे में दब गए। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। घटना की जानकारी पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई।

पुलिस और फायर टीम ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही साढ़ थाना पुलिस के साथ अग्निशमन विभाग की रेस्क्यू टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। राहत एवं बचाव कार्य के लिए तीन फायर टेंडर रेस्क्यू उपकरणों के साथ और एक एमडीआरवी मौके पर भेजा गया। रेस्क्यू टीम और ग्रामीणों ने मिलकर मलबा हटाने का काम किया। मकान के मलबे में दबे परिवार के पांच सदस्यों को एक-एक कर बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने घायलों की स्थिति की जांच की।

मलबे से निकाले गए पांच लोग

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद मलबे से 45 वर्षीय मुकेश कुमार, उनकी बेटी काजल (20), माया (17), नीतू (7) और पल्लवी (5) को बाहर निकाला गया। सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि इलाज के दौरान मुकेश कुमार, माया, नीतू और पल्लवी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल काजल की हालत गंभीर बताई गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

चार मौतों से गांव में पसरा मातम

एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर सामने आने के बाद हिरनी गांव में मातम पसर गया। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। राहत और बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है। पुलिस बल और रेस्क्यू टीम मौके पर मौजूद रही और आवश्यक कार्रवाई की गई।

डीसीपी ने की चार मौतों की पुष्टि

पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, कच्चा मकान गिरने की इस घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हुई है। डीसीपी ने भी चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। हादसे में घायल काजल का इलाज कानपुर के हैलट अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में आवश्यक विधिक एवं अन्य कार्रवाई प्रचलित है। राहत एवं बचाव कार्य पूरा किया जा चुका है। (इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें-

कानपुर में दवा व्यापारी की घर में घुसकर हत्या, गला रेतकर उतारा मौत के घाट; पार्टी में गए थे बेटा-बहू





Source link

Write A Comment