Last Updated:
Hyderabadi Sutariyan: बारिश के सुहावने मौसम में अगर कुछ गरमा-गरम और मसालेदार खाने का मन हो, तो हैदराबादी सुतरियां जरूर ट्राई करें. मटन की चटपटी ग्रेवी, गेहूं के आटे की नरम पट्टियां और देसी मसालों से तैयार यह पारंपरिक दक्कनी डिश स्वाद में लाजवाब और पेट भरने वाली है. जानें घर पर आसानी से बनाने की इसकी खास रेसिपी.
हैदराबाद. बारिश के सुहावने मौसम में गरमा-गरम और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद दोगुना हो जाता है. दक्कनी खान-पान की जब भी बात आती है तो बिरयानी और हलीम के अलावा कई ऐसे पारंपरिक व्यंजन हैं जो अपने अनोखे स्वाद के लिए जाने जाते हैं. इन्हीं में से एक बेहद मशहूर और लजीज डिश है हैदराबादी सुतरियां. मटन की चटपटी ग्रेवी और गेहूं के आटे की पट्टियों यानी सुतरियां से तैयार होने वाला यह वन-पॉट मील स्वाद और पौष्टिकता से भरपूर होता है.
इसे बनाने की रेसिपी भी बेहद आसान है, इसमें गोश्त बनाने के लिए मटन, बारीक कटी प्याज, खड़े गरम मसाले, अदरक-लहसुन पेस्ट, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, नमक, बारीक कटे टमाटर, इमली का रस, करी पत्ता, पुदीना, हरी मिर्च और तेल की जरूरत होती है और सुतरियां के लिए गेहूं का आटा, नमक, थोड़ा तेल और सूखा आटा. साथ में परोसने के लिए देसी घी की.
बनाने की आसान रेसिपी
सबसे पहले प्रेशर कुकर में तेल गरम करें, इसमें साबुत खड़े मसाले और प्याज डालकर सुनहरा भूरा होने तक भूनें. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट और मटन के टुकड़े डालकर अच्छी तरह भून लें. अब इसमें लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक मिलाएं. मसाले भुन जाने के बाद कटे हुए टमाटर और एक गिलास पानी डालें. कुकर का ढक्कन बंद करके 4 से 5 सीटी आने तक पकाएं ताकि मटन पूरी तरह गल जाए. गोश्त गलने के बाद इसे किसी बड़े और खुले बर्तन में पलट लें. अब इसमें इमली का पानी, करी पत्ता और आवश्यकतानुसार पानी डालकर तेज आंच पर उबलने के लिए रख दें.
एक बर्तन में गेहूं के आटे में थोड़ा नमक और तेल डालकर सामान्य रोटी जैसा आटा गूंथ लें. अब इसकी बड़ी लोई बनाकर पतली रोटी बेलें। चाकू या कटर की मदद से इसे काजू कतली के आकार में काट लें. कटी हुई पट्टियों पर थोड़ा सूखा आटा छिड़कें ताकि वे आपस में न चिपकें. उबलते हुए शोरबे में इन आटे की पट्टियों को डालें और 5 से 6 मिनट पकने दें. इसके बाद ऊपर से थोड़ा गरम मसाला, कटी हरी मिर्च और ताजा पुदीना डालें. धीमी आंच पर 10 से 12 मिनट तक पकने दें जब तक कि सुतरियां अच्छी तरह गल न जाएं. तैयार गरमा-गरम हैदराबादी सुतरियां को प्लेट में निकालें और ऊपर से एक चम्मच देसी घी डालकर परोसें.
About the Author
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ें