कच्छ: अंजार के वरसामेड़ी गांव से लापता हुए 43 वर्षीय व्यक्ति की सनसनीखेज हत्या का मामला अंजार पुलिस और लोकल क्राइम ब्रांच ने चंद घंटों में सुलझा लिया है। पुलिस ने हत्या के मामले में वरसामेड़ी बस स्टेशन के पास रहने वाले 35 वर्षीय आरोपी दिनेश रायधणभाई ठाकोर को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त की रात लख्खुभाई रूडाभाई हुंबल अपने पुत्र के साथ वरसामेड़ी टोल नाके के पास खेत में रखवाली करने गए थे, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिवार द्वारा 1 सितंबर को अंजार पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

पत्नी के साथ आरोपी का था अवैध संबंध

पुलिस ने लापता व्यक्ति के संबंध में संदिग्ध लोगों से पूछताछ शुरू की और तकनीकी जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान 5 सितंबर को वरसामेड़ी गांव के तालाब के किनारे दो बोरे मिले। जांच करने पर बोरों के अंदर मानव शरीर के अलग-अलग हिस्से बरामद हुए। पहचान करने पर यह शव लापता लख्खुभाई हुंबल का होने की पुष्टि हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी के साथ आरोपी दिनेश ठाकोर का पिछले डेढ़ साल से प्रेम संबंध था। मृतक को इस प्रेम संबंध के बारे में शक था और आरोपी को डर था कि लख्खुभाई उसे जान से मार देगा। 

हत्या कर टुकड़ों में काटा शव

इसी डर के चलते आरोपी ने लख्खुभाई को अपने घर बुलाया और सिर के पिछले हिस्से पर लोहे की रॉड से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी ने हैकसॉ ब्लेड की मदद से शव के दो टुकड़े किए और दोनों हिस्सों को अलग-अलग प्लास्टिक के बोरों में भरकर नजदीकी तालाब में फेंक दिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी ने मृतक का मोबाइल फोन वरसामेड़ी हाईवे के पास कच्चे रास्ते पर फेंक दिया था।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

इस मामले में अंजार पुलिस थाने में BNS की धारा 103(1), 238(a) तथा जी.पी. एक्ट की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी दिनेश ठाकोर को गिरफ्तार कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरी कार्रवाई को पुलिस इंस्पेक्टर एच.ए. जाडेजा, LCB PI जे.एम. वाला, PSI एस.जी. वाला, डी.जी. पटेल तथा अंजार पुलिस और LCB की टीम ने अंजाम दिया। (इनपुट- नितेश गोर)

यह भी पढ़ें-

इंस्टाग्राम पर चैटिंग के शक में पति ने पत्नी पर चाकू से किया हमला, चार महीने पहले हुई थी लव मैरिज





Source link

Write A Comment