दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक पांच मंजिला इमारत भरभराकर ढह गई, जो छात्रों के लिए एक पीजी (Paying Guest) हॉस्टल के रूप में इस्तेमाल हो रही थी। इस हादसे में औरैया के दिबियापुर निवासी एक छात्र की भी मौत हो गई है। मृतक की पहचान पवन के रूप में हुई है। यह इलाका दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास स्थित एक बड़ा स्टूडेंट हब है, जिसके कारण हादसे के समय इमारत में कई छात्र और मजदूर मौजूद थे।
दिल्ली पढ़ने आया, घर नहीं लौट सका
सत्य निकेतन में हुई इमारत गिरने की घटना ने कई परिवारों के सपनों को झकझोर दिया है। दिबियापुर के बाबू दयाराम नगर स्थित कैलाश बाग निवासी 22 वर्षीय पवन इसी साल 20 जुलाई को BSc कंप्यूटर में एडमिशन लेकर दिल्ली के सत्य निकेतन में एक PG में रह रहा था। वह दिल्ली यूनिवर्सिटी के पास रहकर पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, रक्षाबंधन के बाद पवन दिल्ली वापस गया था। हादसे के बाद से उसका कुछ पता नहीं चल रहा था।
मलबे में मिला पवन का शव
सोशल मीडिया पर वायरल फोटो-वीडियो से परिवार को आशंका हुई। लेकिन रविवार शाम तक प्रशासन ने इलाके को छावनी बना रखा था, इसलिए शिनाख्त नहीं हो पाई थी। आज सुबह जब परिजन और जानने वाले लोग मौके पर पहुंचे और शिनाख्त करवाई गई, तब पुष्टि हुई कि मलबे में मिला शव पवन का ही है।
पवन के मौत की खबर सुन दिबियापुर में उसके घर पर रिश्तेदारों का जुटना शुरू हो गया।
चार बहनों में सबसे छोटा था पवन
पवन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी चार बहनें हैं, जिनमें पवन सबसे छोटा था। सभी बहनें अभी पढ़ाई कर रही हैं। पिता विशंभर नाथ रिटायर्ड फार्मासिस्ट हैं और मां बीमार रहती हैं। घर के इकलौते चिराग के बुझने से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन शव लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं। पवन की बहन भी दिल्ली आई हुई है और रात से ही वह पवन की तलाश कर रही थीं। परिवार के लिए यह पल बेहद पीड़ादायक है। इकलौते बेटे की मौत की खबर से सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
पवन के रिश्ते में चाचा नीरज कुमार ने बताया कि पवन हमारा भतीजा लगता है। सोशल मीडिया के माध्यम से पता चला और टीवी में देख रहे थे कि बिल्डिंग गिरी है, जिसमें दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र रहते थे। वह घर का इकलौता चिराग था।
बिल्डिंग मालिक गिरफ्तार
वहीं, आपको बता दें कि बिल्डिंग के मालिक हरिराम, पत्नी उर्मिला और बेटे महेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। एमसीडी के डिप्टी कमिश्नर समेत 5 अफसरों को भी सस्पेंड कर दिया गया है। इसी के साथ रेखा गुप्ता सरकार ने पूरी दिल्ली में उन इमारतों को तुरंत सील करने के आदेश दिए हैं, जिनमें बिना मंजूरी के पांचवीं मंजिल बना दी गई है। इस बीच हादसे में अब तक 7 लोगों की जान चली गई है। इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बिल्डिंग गिरने के बाद धूल का गुबार उठता दिख रहा है।
(रिपोर्ट- दीपेंद्र सिंह)
यह भी पढ़ें-